मेलोनी का ट्रंप को जवाब- न कभी झुकी थी, न अपमान सहूंगी

युगवार्ता    01-Jul-2026
Total Views |

रोम, 01 जुलाई (हि.स.)। इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ चल रहे विवाद पर अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि उन्होंने कभी भी किसी के सामने झुकने की राजनीति नहीं की। उन्होंने कहा कि वह किसी का अपमान नहीं करतीं और न ही अपना अपमान बर्दाश्त करेंगी।

एक इतालवी टीवी चैनल को दिए साक्षात्कार में मेलोनी ने कहा, मैं आज अमेरिका विरोधी नहीं हूं और न ही पहले कभी किसी के सामने झुकी थी। मेरा मानना है कि यदि पश्चिमी देश एकजुट रहेंगे तो सभी मजबूत होंगे और इटली भी उसी एकजुटता से मजबूत बनेगा।

उन्होंने कहा कि मजबूत और भरोसेमंद संबंधों का अर्थ यह नहीं होता कि मतभेद होने पर चुप्पी साध ली जाए। उनके अनुसार, स्वस्थ रिश्ते ईमानदारी और स्पष्ट संवाद पर आधारित होते हैं। मेलोनी ने कहा, मैं पहले भी अपनी बात खुलकर कहती थी और आज भी उसी स्पष्टता के साथ अपनी राय रखती हूं।

प्रधानमंत्री मेलोनी ने हाल ही में संपन्न जी-7 शिखर सम्मेलन की उस तस्वीर पर भी सफाई दी, जिसमें ऐसा प्रतीत हो रहा था कि वह राष्ट्रपति ट्रंप की ओर उंगली उठाकर बात कर रही हैं। उन्होंने कहा कि तस्वीर को गलत संदर्भ में देखा गया।

मेलोनी ने कहा, मैं उन्हें डांट नहीं रही थी, बल्कि सामान्य बातचीत कर रही थी। सभी जानते हैं कि बात करते समय मैं हाथों के इशारों का काफी इस्तेमाल करती हूं।

उनके इस बयान को इटली और अमेरिका के बीच संबंधों को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मेलोनी ने स्पष्ट किया कि मतभेदों के बावजूद वह पश्चिमी देशों की एकजुटता और सहयोग को आवश्यक मानती हैं तथा पारस्परिक सम्मान के आधार पर संबंधों को आगे बढ़ाने की पक्षधर हैं।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags