दो दिन की कमजोरी के बाद मजबूती के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, निवेशकों ने की 2.02 लाख करोड़ की कमाई

युगवार्ता    01-Jul-2026
Total Views |
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 01 जुलाई (हि.स.)। इस सप्ताह लगातार दो दिन तक गिरावट का सामना करने के बाद घरेलू शेयर बाजार आज मजबूती के साथ बंद हुआ। माना जा रहा है कि ऑटोमोबाइल और एफएमसीजी सेक्टर के शेयरों में आई जोरदार तेजी तथा एशिया के दूसरे शेयर बाजार से मिल रहे मजबूत संकेतों की वजह से घरेलू शेयर बाजार में निवेशकों ने जमकर खरीदारी की।

आज के कारोबार की शुरुआत मामूली बढ़त के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिसकी वजह से दोपहर 12 बजे तक सेंसेक्स 630 अंक से अधिक और निफ्टी 180 अंक से अधिक की मजबूती हासिल करने में सफल रहे। आखिरी घंटे में हुई मुनाफा वसूली के कारण दोनों सूचकांकों की चाल में मामूली गिरावट भी दर्ज की गई। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.58 प्रतिशत और निफ्टी 0.59 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुए।

आज दिन भर के कारोबार के दौरान एफएमसीजी, ऑटोमोबाइल और बैंकिंग सेक्टर के शेयरों में जम कर खरीदारी होती रही। इसके अलावा रियल्टी, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, ऑयल एंड गैस तथा पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज इंडेक्स भी बढ़त के साथ हरे निशान में बंद हुए। आईटी सेक्टर के शेयरों में आज लगातार दूसरे दिन जबरदस्त बिकवाली होती रही, जिसके कारण निफ्टी के आईटी इंडेक्स में 2.01 प्रतिशत और बीएसई के टेक इंडेक्स में 1.03 प्रतिशत की कमजोरी आ गई।

इसके अलावा कैपिटल गुड्स, हेल्थ केयर और मेटल इंडेक्स भी गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए। ब्रॉडर मार्केट में आज आमतौर पर खरीदारी होती रही, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.34 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.36 प्रतिशत की बढ़त के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार में आई मजबूती के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की बढ़ोतरी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़ कर 476.23 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। पिछले कारोबारी दिन यानी मंगलवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 474.21 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 2.02 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा हो गया।

आज दिन भर के कारोबार में एनएसई में 3,001 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,647 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,354 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 22 शेयर बढ़त के साथ और आठ शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 33 शेयर हरे निशान में और 17 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स आज 66.54 अंक की बढ़त के साथ 76,545.21 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होने के कुछ देर बाद ही खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे इस सूचकांक की चाल में तेजी आ गई। लगातार हो रही खरीदारी के कारण दोपहर 12 बजे के करीब सेंसेक्स 631.41 अंक की उछाल के साथ 77,110.08 अंक तक पहुंच गया। कारोबार के आखिरी घंटे में मुनाफा वसूली होने के कारण इस सूचकांक की चाल में कुछ गिरावट भी आई। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स दिन के ऊपरी स्तर से 187.44 अंक फिसल कर 443.97 अंक की मजबूती के साथ 76,922.64 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 31.90 अंक उछल कर 23,897.65 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने की कुछ देर बाद ही खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे इस सूचकांक ने रफ्तार पकड़ ली। लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से निफ्टी 184.15 अंक की छलांग लगा कर 24,049.90 अंक तक पहुंच गया। कारोबार के आखिरी दौर में इंट्रा-डे सेटलमेंट की वजह से हुई बिकवाली के कारण निफ्टी दिन के ऊपरी स्तर से 44.05 अंक फिसल कर 140.10 की तेजी के साथ 24,005.85 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

आज दिन भर हुई खरीद बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से एटरनल 5.71 प्रतिशत, अदानी एंटरप्राइजेज 3.54 प्रतिशत, नेस्ले 3.46 प्रतिशत, एशियन पेंट्स 3.06 प्रतिशत और हिंदुस्तान यूनिलीवर 3.01 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, एचसीएल टेक्नोलॉजी 3.51 प्रतिशत, टेक महिंद्रा 3.03 प्रतिशत, टीसीएस 2.41 प्रतिशत, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज 1.77 प्रतिशत और टाटा स्टील 1.54 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Tags