नितिन नवीन पर रेवंत रेड्डी के बयान को भाजपा ने बताया अहंकार की पराकाष्ठा

युगवार्ता    01-Jul-2026
Total Views |
भाजपा प्रवक्ता प्रेम शुक्ला


नई दिल्ली, 01 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष नितिन नवीन को लेकर तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के बयान पर भाजपा ने तीखा प्रहार करते हुए उन्हें अहंकारी बताया है। भाजपा ने कहा कि जो लोग एक परिवार के दरबारी है वो लोग ऐसे प्रश्न पूछ रहे हैं। भाजपा प्रवक्ता प्रेम शुक्ला ने प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने अत्यंत निंदनीय प्रश्न किया है।

उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के बारे में पूछा है कि ये कौन हैं? ये अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। उन्होंने कहा कि रेवंत रेड्डी को पता होना चाहिए कि नितिन नवीन विश्व के सबसे बड़े लोकतांत्रिक दल भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं, जिसकी भारत के 22 राज्यों में सरकार है।

प्रेम शुक्ला ने कहा कि इसी अहंकार की वजह से कांग्रेस बीते तीन लोकसभा चुनाव में हार का मुंह देख रही है। कांग्रेस की दुर्गति भाजपा से हुई जिसके राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन हैं । उन्होंने कहा कि तेलंगाना राज्य की 17 लोकसभा सीट में 8 सीट भाजपा जीती है। इतनी ही सीट कांग्रेस ने जीती है। लेकिन तेलंगाना के मुख्यमंत्री अहंकार के शिखर पर विराजमान हैं ।

उन्होंने कहा कि ये अहंकार आने वाले कुछ महीनों तक ही रहेगा। भारतीय जनता पार्टी का कमल राज्य में खिलेगा और अहंकारी राजनीति का पतन होगा। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में पार्टी जीत का परचम लहरायेगी। दरबारी और अहंकारी राजनीति कुछ महीनों के लिए है।

उल्लेखनीय है कि भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपने तीन दिवसीय तेलंगाना दौरे के दौरान ऐलान किया था कि पार्टी राज्य में कांग्रेस सरकार के खिलाफ राज्यव्यापी आंदोलन शुरू करेगी। तेलंगाना भाजपा की कार्यकारिणी बैठक को संबोधित करते हुए, नवीन ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से राज्य सरकार के खिलाफ अपनी लड़ाई तेज करने और लोगों के मुद्दों को तेलंगाना के हर गांव और शहर तक पहुंचाने की अपील की।

इस पर तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने कहा था, 'हाल ही में एक व्यक्ति यहां आया था, नवीन या जो भी नाम हो, मुझे उनका ठीक से नाम पता नहीं है, लेकिन वह यहां आकर कहते हैं, 'अगली सरकार उनकी होगी। पश्चिम बंगाल में 15 साल लगे। वहां, ममता बनर्जी की वजह से शायद चालें कामयाब हो गईं, लेकिन यहां हमारे सभी लोग तैयार हैं और वे आपको कुचल देंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Tags