
नई दिल्ली, 10 जुलाई (हि.स.)। मध्य उत्तर प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में कम दबाव का क्षेत्र बनने से हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में कुछ जगहों पर अगले 24 घंटे के दौरान बहुत भारी बारिश होने के आसार हैं। वहीं मध्य एवं दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के कुछ क्षेत्रों में जारी भारी वर्षा की रफ्तार कम होने का अनुमान है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार दिल्ली में शनिवार और रविवार को तेज हवा के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दिन यहां का अधिकतम तथा न्यूनतम तापमान 35-37 डिग्री सेल्सियस और 24-26 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं जबकि रविवार के अधिकतम तापमान में शनिवार के मुकाबले कुछ बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 6-7 दिनों के दौरान मध्य और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में बारिश की गतिविधि कम रहने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश सहित पूर्वोत्तर भारत के सभी राज्यों में कहीं-कहीं पर शनिवार और रविवार बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है।
इसके अलावा, उत्तर-पश्चिम भारत, मध्य भारत, पूर्वी भारत, पूर्वोत्तर भारत, पश्चिम भारत के अलग-अलग क्षेत्रों में अगले पांच-छह दिनों के दौरान मध्यम से भारी वर्षा होने के आसार हैं। इन्हीं क्षेत्रों में तेज रफ्तार हवाएं भी चलने की संभावना है, जो तूफानी हवा में बदल सकती हैं। दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के 11-16 जुलाई के दौरान आंध्र प्रदेश, यनम, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और तेलंगाना सहित अन्य राज्यों के कुछ क्षेत्रों में बीच-बीच में छिटपुट बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने दिल्ली में शुक्रवार को तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश का पूर्वानुमान लगाया था लेकिन यहां पिछले तीन दिनों से लगातार बारिश के बाद आज मौसम साफ रहा और लोगों को फिर से उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा।
पिछले 24 घंटे में उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश में बहुत भारी बारिश (21 सेमी) दर्ज की गई। पूर्वी मध्य प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, मेघालय, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार और हरियाणा में बहुत भारी बारिश (12-20 सेमी), पंजाब, चंडीगढ़ और दिल्ली, पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी मध्य प्रदेश, त्रिपुरा, गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल भारी बारिश (7-11 सेमी) दर्ज की गई।
पूर्वी मध्य प्रदेश में 60-80 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी आई जबकि अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह, ओडिशा, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राजस्थान, तमिलनाडु और तेलंगाना सहित अन्य राज्यों की कुछ जगहों पर चलने वाली हवा की रफ्तार 40-60 किमी प्रति घंटा दर्ज की गई। इससे यहां के लोगों का जनजीवन प्रभावित हुआ।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी