
सूरत, 10 जुलाई (हि.स.)। सूरत के न्यू सिविल अस्पताल परिसर स्थित सरकारी नर्सिंग कॉलेज के सात विद्यार्थियों ने एम्स की राष्ट्रीय स्तर की एनओआरसीईटी (नर्सिंग ऑफिसर्स रिक्रूटमेंट कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट) परीक्षा उत्तीर्ण कर प्रतिष्ठित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान(एम्स) मंगलगिरि (आंध्र प्रदेश) और एम्स भोपाल में नर्सिंग ऑफिसर के पद पर चयन प्राप्त किया। इनमें दक्षिण गुजरात के सामान्य और आदिवासी परिवारों के छात्र भी शामिल हैं। सभी सफल विद्यार्थियों ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर सी.आर. पाटिल ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि वे जिस भी राज्य में सेवा दें, वहां की भाषा और संस्कृति को अपनाकर मरीजों की संवेदनशीलता के साथ सेवा करें तथा गुजरात का नाम रोशन करें। उन्होंने कॉलेज के शिक्षकों और स्टाफ की भी सराहना की।
कॉलेज की प्राचार्य डॉ. इंद्रावती राव ने बताया कि अब तक कॉलेज के 40 से अधिक विद्यार्थी एम्स, रेलवे और अन्य केंद्रीय सेवाओं में चयनित हो चुके हैं। वहीं, दक्षिण गुजरात के 48 से अधिक नर्सिंग प्रोफेशनल्स एम्स में कार्यरत हैं और 3,000 से अधिक प्रशिक्षित नर्सें ब्रिटेन, अमेरिका, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया सहित कई देशों में अपनी सेवाएं दे रही हैं। उन्होंने कहा कि यह सफलता दक्षिण गुजरात में नर्सिंग शिक्षा की बढ़ती गुणवत्ता और विद्यार्थियों की मेहनत का परिणाम है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे