
-नामांकन के एक दिन बाद अभिषेक बंटी ने चुनाव लड़ने से किया इनकार, 30 जुलाई को होगा मतदान
पटना, 10 जुलाई (हि.स.)। बिहार की चर्चित बांकीपुर विधानसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अंतिम समय में बड़ा राजनीतिक फैसला लेते हुए अपना उम्मीदवार बदल दिया है। पार्टी ने पहले घोषित प्रत्याशी अभिषेक कुमार सिन्हा उर्फ बंटी के स्थान पर नीरज कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान होना है।
भाजपा के नए उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा का मुकाबला जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की उम्मीदवार रेखा गुप्ता से होगा। बांकीपुर सीट पर इस बार त्रिकोणीय मुकाबले की संभावना जताई जा रही है।
इससे पहले भाजपा ने अभिषेक कुमार सिन्हा उर्फ बंटी को अपना उम्मीदवार घोषित किया था। उन्होंने गुरुवार को उपचुनाव के लिए नामांकन पत्र भी दाखिल किया, लेकिन नामांकन के अगले ही दिन शुक्रवार को चुनाव नहीं लड़ने की घोषणा कर दी। पटना स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए चुनाव मैदान से हटने की जानकारी दी। हालांकि, उन्होंने अपने निर्णय के पीछे कोई विस्तृत कारण सार्वजनिक नहीं किया।
उल्लेखनीय है कि अभिषेक बंटी के नामांकन के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी सहित राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। नामांकन के बाद पटना के स्काउट एंड गाइड मैदान में आयोजित सभा में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सहित राजग के नेताओं ने उनके समर्थन में जनसभा को संबोधित किया था। ऐसे में उनके अचानक चुनाव से हटने के फैसले ने राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज कर दी।
बांकीपुर विधानसभा सीट भाजपा के वरिष्ठ नेता नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई है। नितिन नवीन के राज्यसभा जाने के बाद इस सीट पर उपचुनाव कराया जा रहा है। बांकीपुर लंबे समय से भाजपा का मजबूत गढ़ माना जाता है, इसलिए यहां उम्मीदवार परिवर्तन को राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
दरअसल, अभिषेक बंटी भाजपा के युवा नेताओं में गिने जाते हैं। वह भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेश उपाध्यक्ष रह चुके हैं। इसके अलावा पटना महानगर और मंडल स्तर पर भी उन्होंने संगठन में विभिन्न दायित्व निभाए हैं। पिछले लगभग दो दशकों से वह बांकीपुर और पटना में पार्टी संगठन के लिए सक्रिय रहे हैं तथा नितिन नवीन के करीबी सहयोगी माने जाते हैं।
कौन हैं नीरज कुमार सिन्हा?
भाजपा के नए उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा, जिन्हें नीरज भारती के नाम से भी जाना जाता है, पटना के मीठापुर के निवासी हैं। उनका जन्म एक जुलाई 1994 को हुआ। उन्होंने स्नातक (बीए) तक शिक्षा प्राप्त की है और अविवाहित हैं।
नीरज कुमार सिन्हा वर्ष 2006 से भाजपा से जुड़े हुए हैं। संगठन में उन्होंने बूथ अध्यक्ष, मंडल महामंत्री, भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष तथा नरेंद्र भारती मंडल के दो बार मंडल अध्यक्ष सहित विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया है। उनका पारिवारिक संबंध भी जनसंघ और भाजपा की वैचारिक पृष्ठभूमि से रहा है। पार्टी को उम्मीद है कि संगठन में लंबे अनुभव और स्थानीय स्तर पर सक्रियता का लाभ उन्हें चुनाव में मिलेगा।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी