विवाद के बीच बदला 'चौहान' का टीजर

युगवार्ता    10-Jul-2026
Total Views |
अजय देवगन - फोटो सोर्स इंस्टाग्राम


अजय देवगन की आगामी फिल्म 'चौहान' का टाइटल अनाउंसमेंट वीडियो विवादों में घिर गया है। सोशल मीडिया पर उठे विरोध और तकनीकी आपत्तियों के बाद निर्माताओं ने टीजर में दो बड़े बदलाव किए हैं। संशोधित वीडियो से अभिनेता मोहम्मद जीशान अय्यूब की आवाज हटा दी गई है, जबकि एक संवाद में सैन्य पद 'मेजर' की जगह 'कर्नल' शब्द का इस्तेमाल किया गया है। हालांकि, निर्माताओं ने इन बदलावों पर आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।

25 जून को वीरू देवगन की जयंती के अवसर पर जारी किए गए इस टीजर में अजय देवगन को दमदार एक्शन अवतार में दिखाया गया है। कश्मीर की पृष्ठभूमि पर आधारित फिल्म के कुछ दृश्य, विशेष रूप से पत्थरबाजी और पैलेट गन के चित्रण को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली। कश्मीरी कार्यकर्ताओं और दर्शकों के एक वर्ग ने फिल्म के कुछ संवादों और प्रस्तुति पर आपत्ति जताई, जिसके बाद निर्माताओं ने वीडियो में बदलाव किए।

यूट्यूब पर जारी नए संस्करण में मोहम्मद जीशान अय्यूब की आवाज किसी अन्य कलाकार से डब कराई गई है। इससे उनके फिल्म से बाहर होने की अटकलें भी लगाई जा रही हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिल्म के संवाद, जैसे पठानों से कहना, चौहान आ रहा है और 35,000 करोड़ का इन्वेस्टमेंट, उसके बाद भी पत्थर का जवाब नहीं, विवाद का प्रमुख कारण बने हुए हैं।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Tags