गाजा युद्धविराम के दूसरे चरण पर काहिरा में इजराइल, मिस्र और हमास की बैठकें जारी

युगवार्ता    10-Jul-2026
Total Views |
गाजा (फाइल फाेटाे)


यरूशलेम/काहिरा, 10 जुलाई (हि.स.)। गाजा युद्धविराम समझौते के दूसरे चरण को आगे बढ़ाने के लिए इजराइल और मिस्र के सैन्य अधिकारियों के बीच काहिरा में अहम बातचीत हुई। इजराइल के सार्वजनिक प्रसारक की रिपोर्ट के अनुसार यह बैठक ऐसे समय में हुई जब हमास का एक प्रतिनिधिमंडल भी मिस्र की राजधानी में मध्यस्थों के साथ युद्धविराम समझौते के भविष्य पर चर्चा कर रहा है।

तुर्किये की सरकारी संवाद समिति अनाडाेलू की रिपोर्ट के मुताबिक वरिष्ठ इज़राइली सैन्य अधिकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल पिछले दो दिनों से मिस्र के वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों के साथ वार्ता में शामिल रहा। हालांकि, दोनों देशों ने बैठक में शामिल अधिकारियों की पहचान और बातचीत के नतीजों का खुलासा नहीं किया है।

खलील अल-हय्या के नेतृत्व में हमास प्रतिनिधिमंडल युद्धविराम को मजबूत करने और समझौते के अगले चरण पर मध्यस्थों के साथ चर्चा के लिए काहिरा पहुंचा है। रिपोर्ट में कहा गया है कि ये वार्ताएं गाज़ा समझौते के अगले चरण को आगे बढ़ाने के प्रयासों का हिस्सा हैं। वहीं, इज़राइल का दावा है कि हमास अब भी हथियार छोड़ने को तैयार नहीं है। गाज़ा युद्धविराम को लागू कराने और आगे की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में मिस्र, कतर और तुर्की मध्यस्थ की भूमिका निभा रहे हैं। हालांकि, मिस्र की ओर से इज़राइली मीडिया की रिपोर्ट पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

युद्धविराम समझौते के दूसरे चरण में गाज़ा से इज़राइली सेना की व्यापक वापसी, पुनर्निर्माण कार्यों की शुरुआत और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं पर सहमति बनने की परिकल्पना की गई है। हालांकि इजराइल का कहना है कि किसी भी अगले चरण से पहले फिलिस्तीनी सशस्त्र गुटों का निरस्त्रीकरण प्राथमिक शर्त होना चाहिए, जबकि हमास इस मांग का विरोध करता रहा है।

गाज़ा में जारी संघर्ष के कारण मानवीय संकट लगातार गहराता जा रहा है। युद्ध ने बड़े पैमाने पर जानमाल का नुकसान पहुंचाया है और बुनियादी ढांचे को भारी क्षति हुई है। युद्धविराम के दूसरे चरण को लेकर चल रही वार्ताओं को क्षेत्र में स्थायी शांति और राहत प्रयासों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी

Tags