
इस्लामाबाद, 10 जुलाई (हि.स.)। पाकिस्तान के अशांत प्रांत खैबर पख्तूनख्वा के करक जिले के खट्टक बांध इलाके में करक पुलिस, कोहाट पुलिस और सुरक्षा बलों के संयुक्त खुफिया अभियान के दौरान हुई मुठभेड़ में चार संदिग्ध आतंकवादी मारे गए।
दुनिया न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार खट्टक बांध इलाके में छुपे आतंकवादियों ने पुलिस और सुरक्षा बलों के जवानों को देखते ही गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस और सुरक्षा बलों की जवाबी कार्रवाई में चार आतंकी मारे गए। इसके बाद सारे इलाके को घेरकर तलाशी अभियान शुरू किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह आतंकी पिछले दिनों मारे गए आतंकी कमांडर जाहिद के साथ रहते थे।
अधिकारियों के अनुसार पाकिस्तान में बलोचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा सर्वाधिक आतंकवाद प्रभावित प्रांत हैं। पिछले दिन बलोचिस्तान में एन-25 हाइवे पर एक सैन्य अभियान के दौरान कम से कम 19 आतंकवादी मारे गए और 11 सुरक्षाकर्मी शहीद हो गए। यह अभियान झाओ क्रॉस और करारो के बीच चलाया गया। यह आतंकवादी यहां जबरन वसूली करते थे। पाकिस्तान ने आतंकवाद से निपटने के लिए ऑपरेशन गजब लिल-हक शुरू किया है।
अधिकारियों के अनुसार इस ऑपरेशन में अफगान तालिबान के कई सदस्य और सहयोगी आतंकी मारे जा चुके हैं। इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ चौधरी ने कहा कि पुलिस और सुरक्षा बल पूरी शिद्दत से आतंकवादियों का सफाया करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद