अरवल, 11 जुलाई (हि.स.)। बिहार के अरवल जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-139 पर शनिवार को हुए सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद पटना स्थित पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) रेफर किया गया है। हादसे के बाद कुछ समय तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बाधित रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सदर प्रखंड के मधुबन गांव के समीप एक टेंपो चालक समेत छह यात्रियों को लेकर अरवल से परासी बाजार की ओर जा रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज गति से आ रहे एक हाइवा ने टेंपो में सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल दो अन्य ने अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान गुली बीघा निवासी 27 वर्षीय अमरजीत कुमार, परासी निवासी 50 वर्षीय राजगीर राम, उनकी 48 वर्षीय पत्नी मनीषा देवी तथा भदासी निवासी रामदयाल राजवंशी के रूप में हुई है।
दुर्घटना में कलेर प्रखंड के बलोपुर निवासी 32 वर्षीय सुनील कुमार तथा कमता निवासी 63 वर्षीय महेंद्र राम गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को पहले अरवल सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि घटनास्थल पर चारों ओर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और पुलिस एवं प्रशासन की मदद से घायलों को बाहर निकालकर सदर अस्पताल भेजा। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अरवल सदर अस्पताल भेज दिया है। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है।
दुर्घटना के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-139 पर करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर आवागमन सामान्य कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी