अमित शाह 13 जुलाई को गांधीनगर के दहेगाम एपीएमसी में सब्जी उप‑यार्ड का करेंगे उद्घाटन

युगवार्ता    12-Jul-2026
Total Views |
अमित शाह


नई दिल्ली, 12 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह सोमवार 13 जुलाई को गुजरात के गांधीनगर जिले के दहेगाम में कृषि उपज विपणन समिति (एपीएमसी) के अमृत महोत्सव के अवसर पर नए सब्ज़ी उप‑यार्ड का उद्घाटन करेंगे। इस कार्यक्रम में वह ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण भी करेंगे और एपीएमसी द्वारा तैयार स्मारक प्रकाशन का विमोचन करेंगे।

केंद्रीय गृह मंत्रालय के अनुसार दहेगाम एपीएमसी द्वारा विकसित नया सब्ज़ी उप‑यार्ड किसानों के लिए आधुनिक विपणन सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। इससे स्थानीय उत्पादकों को बेहतर मूल्य प्राप्त करने, उपभोक्ताओं तक ताजी सब्जियां पहुंचाने और कृषि विपणन प्रणाली को अधिक पारदर्शी बनाने में मदद मिलेगी।

अमित शाह इस अवसर पर एपीएमसी बोर्ड के सदस्यों से संवाद करेंगे और सहकारी क्षेत्र की उपलब्धियों पर चर्चा करेंगे। कार्यक्रम में सहकारी प्रतिनिधियों और एपीएमसी के सदस्यों की भागीदारी से यह आयोजन किसानों और सहकारी संस्थाओं के बीच सहयोग को और मजबूत करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Tags