भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता में नागपुर घोषणापत्र अपनाया गया, परिवहन क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर सहमति

युगवार्ता    12-Jul-2026
Total Views |
नागपुर में भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के तहत आयोजित तीसरी ब्रिक्स परिवहन मंत्रियों की बैठक में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी सदस्य देशों के प्रतिनिधियों के साथ।


नई दिल्ली, 12 जुलाई (हि.स.)। भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के तहत यहां आयोजित तीसरी ब्रिक्स परिवहन मंत्रियों की बैठक में सदस्य देशों ने सर्वसम्मति से मंत्रीस्तरीय घोषणापत्र (मिनिस्टीरियल डिक्लेरेशन) को अपनाया। घोषणापत्र में बुनियादी ढांचे में परिपत्र अर्थव्यवस्था (सर्कुलैरिटी), सतत विमानन ईंधन (एसएएफ), परिवहन क्षेत्र में कार्बन उत्सर्जन में कमी, शहरी गतिशीलता केंद्र, लॉजिस्टिक्स एवं आपूर्ति श्रृंखला सहयोग तथा ब्रिक्स रेलवे अनुसंधान नेटवर्क जैसे प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग का खाका तैयार किया गया है।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बैठक की सफलता पर सभी सदस्य देशों के प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी देशों के सहयोग और सहमति से यह महत्वपूर्ण घोषणापत्र अपनाया जा सका। उन्होंने कहा कि यह ब्रिक्स देशों के बीच परिवहन क्षेत्र में सहयोग को नई मजबूती देगा।

बैठक से पहले 09 और 10 जुलाई को ब्रिक्स परिवहन कार्य समूह (टीडब्ल्यूजी) के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें मंत्रीस्तरीय घोषणापत्र और विभिन्न प्रस्तावों को अंतिम रूप दिया गया।

भारत ने सभी ब्रिक्स सदस्य देशों की रचनात्मक भागीदारी और सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि इन पहलों को अगली ब्रिक्स अध्यक्षता तक सुचारु रूप से आगे बढ़ाने के लिए वह पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

चार दिवसीय कार्यक्रम में ब्रिक्स देशों के परिवहन मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और तकनीकी विशेषज्ञ शामिल हुए। इस दौरान द्विपक्षीय बैठकों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया, जिनके माध्यम से सदस्य देशों के बीच आपसी समझ, जन-से-जन संपर्क और संस्थागत सहयोग को बढ़ावा मिला।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Tags