फीफा विश्व कप में अर्जेंटीना ने स्विट्जरलैंड को 3-1 से हराया, सेमीफाइनल में इंग्लैंड से होगी भिड़ंत

युगवार्ता    12-Jul-2026
Total Views |
अर्जेंटीना


नई दिल्ली, 12 जुलाई (हि.स.)। फीफा विश्व कप 2026 के चौथे क्वार्टर फाइनल में रविवार को मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना ने स्विट्जरलैंड को अतिरिक्त समय (एक्स्ट्रा टाइम) में 3-1 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है। अब 16 जुलाई को दूसरे सेमीफाइनल में अर्जेंटीना का सामना इंग्लैंड से होगा। पहला सेमीफाइनल 15 जुलाई को स्पेन और फ्रांस के बीच खेला जाएगा।

कैनसस सिटी (अमेरिका) के कैनसस सिटी स्टेडियम में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले का फैसला निर्धारित 90 मिनट में नहीं हो सका, क्योंकि दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर थीं। इसके बाद अतिरिक्त समय में अर्जेंटीना ने दो गोल दागकर शानदार जीत दर्ज की। निर्धारित समय तक मुकाबला 1-1 से बराबरी पर रहने के बाद मैच अतिरिक्त समय में पहुंचा। जूलियन अल्वारेज के 112वें मिनट में शानदार गोल से अर्जेंटीना 2-1 से आगे हो गई। इसके बाद स्विट्जरलैंड ने बराबरी की कोशिश की, लेकिन अर्जेंटीना के लौटारो मार्टिनेज ने (120+1वें मिनट में) गोल दागकर 3-1 से जीत पर मुहर लगा दी।

अर्जेंटीना के लिए मैच की शुरुआत शानदार रही। 10वें मिनट में कप्तान लियोनेल मेसी की कॉर्नर किक पर एलेक्सिस मैक एलिस्टर ने शानदार गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद अर्जेंटीना ने खेल पर नियंत्रण बनाए रखा और हाफटाइम तक यही स्कोर रहा। दूसरे हाफ में स्विट्जरलैंड ने शानदार वापसी की। खेल के 67वें मिनट में डैन एनडोए ने गोल कर स्कोर 1-1 कर दिया। हालांकि 72वें मिनट में स्विट्जरलैंड को बड़ा झटका लगा। स्ट्राइकर ब्रील एम्बोलो को दूसरा येलो कार्ड मिलने के बाद रेफरी ने रेड कार्ड दिखाते हुए मैदान से बाहर भेज दिया। इसके बावजूद 10 खिलाड़ियों के साथ खेल रही स्विस टीम ने निर्धारित समय तक अर्जेंटीना को बढ़त लेने का मौका नहीं दिया और मुकाबले को अतिरिक्त समय तक खींचने में सफल रही। हालांकि, अल्वारेज और मार्टिनेज ने अतिरिक्त समय में गोल कर अर्जेंटीना को सेमीफाइनल का टिकट दिला दिया।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

Tags