मणिपुर : झूम खेत में काम कर रहे कुकी किसान की गोली मारकर हत्या

युगवार्ता    12-Jul-2026
Total Views |
Image of the Deceased.


इंफाल, 12 जुलाई (हि.स.)। मणिपुर के कांगपोकपी जिले में झूम खेती के दौरान अज्ञात हथियारबंद हमलावरों ने एक कुकी किसान की गोली मारकर हत्या कर दी, जबकि उनकी पत्नी किसी तरह सुरक्षित बच निकलने में सफल रहीं। मृतक की पहचान गोवाजंग गांव निवासी 53 वर्षीय हाओलाल सिंगसित के रूप में हुई है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, दंपति शनिवार शाम अपने झूम खेत में काम कर रहे थे, तभी करीब चार बजे अज्ञात हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। ग्रामीणों ने लगभग 20 राउंड गोलियां चलने की आवाज सुनने की बात कही है।

शाम तक दंपति के घर नहीं लौटने पर ग्रामीणों ने तलाश शुरू की। खोज के दौरान खेत में हाओलाल सिंगसित का शव कई गोली के घावों के साथ बरामद हुआ, जबकि उनकी पत्नी सुरक्षित स्थान पर पहुंचने में सफल रहीं।

कुछ स्थानीय संगठनों और ग्रामीणों ने हमले के लिए जेडयूएफ-के और एनएससीएन-आईएम के उग्रवादियों पर संदेह जताया है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने हमलावरों की पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की थी।

यह घटना गोवाजंग गांव के निकट हाल ही में सुरक्षा बलों द्वारा तलाशी अभियान चलाकर कई हथियार बरामद किए जाने के कुछ दिनों बाद हुई है। तामेंगलोंग जिले की सीमा से सटे इस संवेदनशील क्षेत्र में हुई इस हत्या के बाद स्थानीय लोगों में एक बार फिर सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। मामले की जांच जारी है।

गाैरतलब है कि मणिपुर में झूम खेती, जिसे स्थानीय रूप से पाम-लू के नाम से जाना जाता है, पहाड़ी जनजातियों द्वारा अपनाई जाने वाली एक पारंपरिक झूम खेती है। इसमें वनों से ढकी ढलानों को साफ करना, वनस्पति को जलाना और फिर चावल, सब्जियों और नकदी फसलों की मिश्रित खेती के लिए बीज बोना शामिल है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

Tags