
जोधपुर, 12 जुलाई (हि.स.)। जोधपुर एयरपोर्ट के नवनिर्मित टर्मिनल से रविवार सुबह नियमित उड़ानों का संचालन शुरू हो गया। पहली फ्लाइट से जोधपुर पहुंचे यात्रियों का राजस्थानी परंपरा के अनुसार कुमकुम तिलक, ढोल-थाली की मंगलध्वनि तथा लंगा-मांगणियार कलाकारों की लोक प्रस्तुतियों के साथ स्वागत किया गया।
इस मौके पर केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने पहली उड़ान के यात्रियों का स्वागत किया और उन्हें शुभकामनाएं देकर रवाना किया।
पहली उड़ान के यात्री चंद्रवीर सिंह को केंद्रीय मंत्री ने टिकट और स्वागत किट भेंट की। इस ऐतिहासिक अवसर को यादगार बनाने के लिए शेखावत ने यात्रियों के साथ केक भी काटा।
पत्रकारों से बातचीत में शेखावत ने कहा कि नए टर्मिनल से यात्रा करने वाले यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ बेहतर अनुभव मिलेगा और जोधपुर आने-जाने वाला हर व्यक्ति शहर की सकारात्मक छवि लेकर जाएगा।
उन्होंने याद दिलाया कि 4 जुलाई को नए टर्मिनल का उद्घाटन करते समय 12 जुलाई से नियमित संचालन शुरू करने का वादा किया गया था, जिसे समय पर पूरा कर दिया गया। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि वर्ष 2014 की तुलना में आज जोधपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों और उड़ानों की संख्या दस गुना से अधिक बढ़ चुकी है। वर्तमान में जोधपुर देश के लगभग सभी प्रमुख शहरों से हवाई मार्ग से जुड़ चुका है तथा पर्यटन सीजन में इसकी कनेक्टिविटी और मजबूत हो जाती है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में उड़ानों और गंतव्यों की संख्या में और वृद्धि होगी।
शेखावत ने कहा कि नए टर्मिनल को भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। आवश्यकता पड़ने पर न्यूनतम बदलाव के साथ इसे अंतरराष्ट्रीय टर्मिनल के रूप में भी विकसित किया जा सकेगा। उन्होंने यह भी बताया कि पिछले 10 से 12 वर्षों में जोधपुर को 42 नई रेलगाड़ियों की सौगात भी मिली है, जिससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी लगातार मजबूत हुई है। बातचीत के दौरान जब उनसे जोधपुर की पसंदीदा नमकीन और मिठाई के बारे में पूछा गया तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि चौधरी का मिर्ची बड़ा, सूरसागर का समोसा, प्याज की कचौरी और चतुर्भुज के गुलाब जामुन जोधपुर की समृद्ध स्वाद-परंपरा का हिस्सा हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीत निगम