टॉप 10 में शामिल देश की 4 कंपनियों के मार्केट कैप में 92 हजार करोड़ की बढ़ोतरी

युगवार्ता    12-Jul-2026
Total Views |
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 12 जुलाई (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार में पिछले कारोबारी सप्ताह के दौरान हुई खरीद-बिक्री के कारण देश की टॉप 10 मोस्ट वैल्यूड कंपनियों में शामिल चार कंपनियों के मार्केट कैप में बढ़ोतरी हो गई, जबकि छह कंपनियों के मार्केट कैप में गिरावट आ गई। शीर्ष स्थान पर मौजूद इन दस कंपनियों में से चार के मार्केट कैप में सोमवार से शुक्रवार तक के कारोबार के बाद 92 हजार करोड़ रुपये से अधिक की बढ़ोतरी हो गई। इनमें सबसे अधिक फायदा एचडीएफसी बैंक को हुआ, जबकि मार्केट कैप में बढ़ोतरी के मामले में दूसरा स्थान भारती एयरटेल ने हासिल किया।

दूसरी ओर, टॉप 10 मोस्ट वैल्यूड कंपनियों में शामिल छह कंपनियों के मार्केट कैप में पिछले सप्ताह के कारोबार के दौरान 49 हजार करोड़ रुपये से अधिक की गिरावट आ गई। मार्केट कैप के मामले में सबसे अधिक नुकसान हिंदुस्तान यूनिलीवर को हुआ, जबकि नुकसान उठाने के मामले में दूसरे स्थान पर लार्सन एंड टूब्रो रही।

इस सप्ताह के कारोबार के बाद एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) और रिलायंस इंडस्ट्रीज के मार्केट कैप में 92,995.48 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हो गई। दूसरी ओर, हिंदुस्तान यूनिलीवर, लार्सन एंड टूब्रो, टाटा कंसलटेंसी सर्विसेज (टीसीएस), बजाज फाइनेंस, आईसीआईसीआई बैंक और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) के मार्केट कैप में 49,294.13 करोड़ रुपये की गिरावट आ गई।

सोमवार से शुक्रवार के बीच हुए कारोबार के बाद एचडीएफसी बैंक का मार्केट कैप 35,808.09 करोड़ रुपये बढ़ कर 12,69,454.42 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। इसी तरह भारती एयरटेल का मार्केट कैप 34,896.92 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी के साथ 11,98,774.22 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया। इसके अलावा, भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) का मार्केट कैप 16,065.50 करोड़ रुपये उछल कर 5,60,205.05 करोड़ रुपये के स्तर पर और देश में सबसे अधिक मार्केट कैप वाली कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज का मार्केट कैप 6,224.97 करोड़ रुपये की मजबूती के साथ 17,71,206.33 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया।

दूसरी ओर, पिछले सप्ताह के कारोबार में हिंदुस्तान यूनिलीवर का मार्केट कैप 12,088.65 करोड़ रुपये कम होकर 5,04,997.65 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। इसी तरह लार्सन एंड टूब्रो (एलएंडटी) का मार्केट कैप 11,040.23 करोड़ रुपये की गिरावट के साथ 5,42,938.40 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया। इसके अलावा, टाटा कंसलटेंसी सर्विसेज (टीसीएस) का मार्केट कैप 8,574.87 करोड़ रुपये घट कर 7,48,600.40 करोड़ रुपये के स्तर पर, बजाज फाइनेंस का मार्केट कैप 7,813.58 करोड़ रुपये की कमजोरी के साथ 6,35,327.78 करोड़ रुपये के स्तर पर, आईसीआईसीआई बैंक का मार्केट कैप 6,315.32 करोड़ रुपये की गिरावट के साथ 10,05,379.71 करोड़ रुपये के स्तर पर और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) का मार्केट कैप 3,461.48 करोड़ रुपये कम होकर 9,56,430.44 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया।

मार्केट कैप के लिहाज से रिलायंस इंडस्ट्रीज 17,71,206.33 करोड़ रुपये के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) के साथ देश की सबसे अधिक मार्केट कैप वाली कंपनी रही। इसके बाद एचडीएफसी बैंक (कुल मार्केट कैप 12,69,454.42 करोड़ रुपये), भारती एयरटेल (कुल मार्केट कैप 11,98,774.22 करोड़ रुपये), आईसीआईसीआई बैंक (कुल मार्केट कैप 10,05,379.71 करोड़ रुपये), स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (कुल मार्केट कैप 9,56,430.44 करोड़ रुपये), टाटा कंसलटेंसी सर्विसेज (टीसीएस) (कुल मार्केट कैप 7,48,600.40 करोड़ रुपये), बजाज फाइनेंस (कुल मार्केट कैप 6,35,327.78 करोड़ रुपये), भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) (कुल मार्केट कैप 5,60,205.05 करोड़ रुपये), लार्सन एंड टूब्रो (कुल मार्केट कैप 5,42,938.40 करोड़ रुपये) और हिंदुस्तान यूनिलीवर (कुल मार्केट कैप 5,04,997.65 करोड़ रुपये) के नाम सबसे मूल्यवान टॉप 10 कंपनियों के लिस्ट में दूसरे से दसवें स्थान पर बने रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Tags