इंटर स्कूल शतरंज प्रतियोगिता : अंडर-14 बालक वर्ग में अलख और बालिका वर्ग में निधि सैनी चैम्पियन

युगवार्ता    13-Jul-2026
Total Views |
शतरंज प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ी।


मुरादाबाद, 13 जुलाई (हि.स.)। विल्सोनिया कॉलेज में आयोजित तीन दिवसीय शिरीन संतराम मेमोरियल इंटर स्कूल शतरंज प्रतियोगिता का सोमवार को समापन समारोह आयोजित किया गया। आखिरी दिन छात्र-छात्राओं ने शेष दो राउंड खेलकर रणनीति और सूझबूझ का प्रदर्शन किया। जिसमें अंडर-14 बालक वर्ग में स्प्रिंग फील्ड स्कूल के अलख और अंडर-14 बालिका वर्ग में विल्सोनिया कॉलेज की निधि सैनी विजेता रहीं।

इससे पहले प्रतियोगिता का शुभारंभ कॉलेज के निदेशक डॉ. आशीष संतराम और सहायक जिला विद्यालय निरीक्षक शतानंद शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि शतरंज केवल खेल नहीं, बल्कि एकाग्रता, तार्किक सोच और निर्णय क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम है।

अंडर-14 बालक वर्ग में स्प्रिंग फील्ड स्कूल के अलख ने पहला, सूर्य आदित्य ने दूसरा, जीएनपीएस के उत्कर्ष प्रकाश ने तीसरा और सेंट मिराज के शौर्य वीर सिंह ने चौथा स्थान हासिल किया।

अंडर-14 बालिका वर्ग में विल्सोनिया कॉलेज की निधि सैनी विजेता रहीं। अदम्य शर्मा दूसरे, जीएनपीएस की ईशल नदीम तीसरे और सेंट पॉल स्कूल की निमिषा सिंह चौथे स्थान पर रहीं।

वहीं अंडर-18 बालक वर्ग में जीएनपीएस के ऋशांत अरोरा ने खिताब अपने नाम किया। जीएनपीएस के सक्षम दूसरे, स्प्रिंग फील्ड सीबीएसई के प्रियांक शर्मा तीसरे और टाइनी टॉट्स के प्रणव जैन चौथे स्थान पर रहे। इसके अलावा अंडर-18 बालिका वर्ग में जीएनपीएस की शुभी अग्रवाल ने पहला स्थान हासिल किया।

विल्सोनिया कॉलेज की कीर्ति भटनागर दूसरे, माही साईं सीनियर सेकेंडरी स्कूल की माही तीसरे और विल्सोनिया कॉलेज की इंशा अजीम चौथे स्थान पर रहीं। समापन समारोह में प्रधानाचार्या संगीता रेविस ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के साथ प्रतिस्पर्धात्मक सोच को भी मजबूत बनाती हैं। आखिर में विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान अविश, ऋतु, विनीत, दीपक, ज्योतिका, जहांआरा, शाज अंसारी आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Tags