
सिडनी (ऑस्ट्रेलिया), 13 जुलाई (हि.स.)। जुरासिक पार्क और पीकी ब्लाइंडर्स जैसी चर्चित फिल्मों में अपने किरदारों के लिए मशहूर अभिनेता सैम नील का सोमवार को निधन हो गया। उन्होंने 78 वर्ष की आयु में सेंट विंसेंट प्राइवेट हॉस्पिटल में अंतिम सांस ली। इस मौके पर उनके परिवार के सदस्य मौजूद रहे। 14 सितंबर 1947 को उत्तरी आयरलैंड के काउंटी टायरोन के ओमाग में जन्मे सैम नील (पूरा नाम नाइजेल जॉन डर्मोट नील) में अभिनय के प्रति दिलचस्पी उच्च शिक्षा के दौरान बढ़ी
अमेरिकी चैनल एबीसी न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार सोमवार सुबह जारी बयान में सैम नील के निधन की पुष्टि की गई। नील के माता-पिता सेना में थे और उनके परिवार का अंगूर का बागान था। नील सात साल के थे तो उनका परिवार न्यूजीलैंड चला गया। 1981 में उन्होंने पहली बार ओमेन III: द फाइनल कॉन्फ्लिक्ट फिल्म में अभिनय किया।
उन्हें ख्याति 1993 की फिल्म जुरासिक पार्क से मिली। उनके डॉ. एलन ग्रांट के किरदार को सबसे ज्यादा पसंद किया गया। स्टीवन स्पीलबर्ग की डायरेक्ट की गई यह साइंस-फ़िक्शन एक्शन फिल्म माइकल क्रिचटन के 1990 के इसी नाम के उपन्यास पर आधारित थी।
फिल्म की कहानी जेनेटिक साइंटिस्ट्स की एक टीम के बारे में थी, जिन्होंने विलुप्त हो चुके डायनासोर का एक वाइल्ड लाइफ पार्क बनाया था। नील का किरदार पैलियोन्टोलॉजिस्ट जैक हॉर्नर से प्रेरित था। नील ने जुरासिक पार्क III और जुरासिक वर्ल्ड डोमिनियन में भी अपना किरदार दोबारा निभाया।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद