मेलबर्न, 13 जुलाई (हि.स.)। मेलबर्न में आयोजित ‘मेलबर्न मीट्स मोदी’ कार्यक्रम के आयोजकों ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को खुला पत्र लिखकर भारतीय-ऑस्ट्रेलियाई समुदाय को ‘पेड क्राउड’ बताए जाने संबंधी टिप्पणियों पर सार्वजनिक माफी की मांग की है। आयोजकों ने कहा कि ऐसे आरोप पूरी तरह निराधार हैं और इससे भारतीय मूल के हजारों लोगों की गरिमा को ठेस पहुंची है।
पत्र में कहा गया कि 09 जुलाई 2026 को आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सिडनी से मेलबर्न तक संचालित ‘मोदी एयरवेज’ उड़ान सहित विभिन्न शहरों से पहुंचे लोगों की यात्रा का खर्च न तो भारतीय जनता पार्टी, न भारत सरकार और न ही ऑस्ट्रेलिया सरकार ने उठाया।
आयोजकों के अनुसार यात्रा की व्यवस्था समुदाय के लोगों ने की थी तथा प्रतिभागियों ने स्वयं खर्च वहन किया या सामुदायिक सहयोग से यात्रा की। उन्होंने बताया कि इस पहल के लिए महीनों तक योजना बनाई गई, यात्रियों का समन्वय किया गया और व्यक्तिगत समय व संसाधन लगाए गए।
हिन्दुस्थान समाचार/अनूप
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय