पश्चिम एशिया के तनाव से बिगड़ा ग्लोबल मार्केट का मूड, एशिया में भी बिकवाली का दबाव

युगवार्ता    13-Jul-2026
Total Views |
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 13 जुलाई (हि.स.)। पश्चिम एशिया में एक बार फिर तनाव बढ़ जाने की वजह से ग्लोबल मार्केट का मूड आज बिगड़ा हुआ नजर आ रहा है। अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान बढ़त के साथ बंद होने में सफल रहे थे, लेकिन डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज गिरावट के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। यूरोपीय बाजार में पिछले सत्र के दौरान मिला-जुला कारोबार होता रहा। वहीं एशियाई बाजार में आज आमतौर पर कमजोरी का रुख बना हुआ है।

अमेरिका में पिछले कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को सेमीकंडक्टर स्टॉक्स में उछाल आने के कारण वॉल स्ट्रीट के सूचकांक बढ़त के साथ बंद होने में सफल रहे थे। डाउ जॉन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 0.29 प्रतिशत उछल कर 52,637.01 अंक के स्तर पर पहुंच गया था। इसी तरह एस एंड पी 500 इंडेक्स ने 0.42 प्रतिशत की तेजी के साथ 7,575.39 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा नैस्डेक 0.29 प्रतिशत की बढ़त के साथ 26,281.61 अंक के स्तर पर बंद हुआ। हालांकि डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज फिलहाल 216.67 अंक यानी 0.41 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 52,420.34 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।

यूरोपीय बाजार पिछले सत्र के कारोबार के बाद मिले-जुले परिणाम के साथ बंद हुए। एफटीएसई इंडेक्स 0.24 प्रतिशत की मजबूती के साथ 10,497.29 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह सीएसी इंडेक्स ने 0.15 प्रतिशत की तेजी के साथ 8,338.97 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। दूसरी ओर, डीएएक्स इंडेक्स 0.20 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 25,067.09 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

एशियाई बाजार में आज दबाव बना हुआ नजर आ रहा है। एशिया के नौ बाजार में से सात के सूचकांक लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं। वहीं दो सूचकांक हरे निशान में बने हुए हैं। ताइवान वेटेड इंडेक्स 267.90 अंक यानी 0.59 प्रतिशत की मजबूती के साथ 45,622.51 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स 0.03 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 5,925.97 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है।

दूसरी ओर, गिफ्ट निफ्टी 219 अंक यानी 0.90 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,015.50 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.28 प्रतिशत टूट कर 5,453.92 अंक के स्तर तक गिर गया है। कोस्पी इंडेक्स में आज जबरदस्त कमजोरी का रुख बना हुआ है। फिलहाल यह सूचकांक 556.83 अंक यानी 7.45 प्रतिशत लुढ़क कर 6,919.11 के स्तर पर आ गया है।

टोक्यो एक्सचेंज में भी आज बिकवाली का चौतरफा दबाव बना हुआ है, जिसकी वजह से निक्केई इंडेक्स 1,542.73 अंक यानी 2.25 प्रतिशत गिर कर 67,015 अंक के स्तर पर आ गया है। इसी तरह शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 1.54 प्रतिशत टूट कर 3,934.74 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। इसके अलावा हैंग सेंग इंडेक्स 0.21 प्रतिशत फिसल कर 24,125 अंक के स्तर पर और सेट कंपोजिट इंडेक्स 0.11 प्रतिशत लुढ़क कर 1,619.82 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Tags