
नई दिल्ली, 13 जुलाई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कोलंबिया के बुकारामांगा में आयोजित 56वें अंतरराष्ट्रीय भौतिकी ओलंपियाड (आईपीएचओ) 2026 में स्वर्ण पदक जीतने वाले भारतीय दल के सभी पांच छात्रों को बधाई देते हुए कहा है कि उनकी यह उपलब्धि देश की युवा शक्ति की असीम क्षमता तथा विज्ञान एवं अनुसंधान के प्रति उनके जुनून का प्रमाण है।
प्रधानमंत्री ने सोमवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी संदेश में कनिष्क जैन, ऋद्धेश अनंत बेंदले, ऋषित गर्ग, श्रेष्ठ सुरैया और स्वरित जोशी को उनकी शानदार सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इन विद्यार्थियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन पूरे देश के लिए गर्व का विषय है।
मोदी ने कहा कि भारतीय छात्रों की यह उपलब्धि एक बार फिर साबित करती है कि देश की युवा प्रतिभाएं विज्ञान और शोध के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बना रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इन छात्रों की सफलता देश के अन्य युवाओं को भी विज्ञान एवं नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले एक दशक के दौरान अंतरराष्ट्रीय भौतिकी ओलंपियाड के विभिन्न संस्करणों में भारतीय छात्रों का प्रदर्शन लगातार उत्कृष्ट रहा है, जो देश में वैज्ञानिक प्रतिभा के निरंतर विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का परिचायक है।
उल्लेखनीय है कि 56वें अंतरराष्ट्रीय भौतिकी ओलंपियाड-2026 का आयोजन कोलंबिया के बुकारामांगा शहर में हुआ, जहां भारतीय दल के सभी पांच प्रतिभागियों ने स्वर्ण पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार