पंजाब एफसी ने पावलोस डर्मिट्जाकिस को दो साल के लिए बनाया नया मुख्य कोच

युगवार्ता    13-Jul-2026
Total Views |
ग्रीस के अनुभवी फुटबॉल कोच पावलोस डर्मिट्जाकिस


मोहाली, 13 जुलाई (हि.स.)। इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के लिए क्लब पंजाब एफसी ने 2026-27 सत्र से पहले ग्रीस के अनुभवी फुटबॉल कोच पावलोस डर्मिट्जाकिस को टीम का नया मुख्य कोच नियुक्त किया है। 57 वर्षीय डर्मिट्जाकिस ने ग्रीक सुपर लीग-2 क्लब पानियोनियोस एफसी से दो साल के अनुबंध पर पंजाब एफसी का दामन थामा है।

डर्मिट्जाकिस के पास ग्रीस के फुटबॉल ढांचे में दो दशक से अधिक का कोचिंग अनुभव है। उन्होंने अपने कोचिंग करियर की शुरुआत 2002-03 में एरगोटेलिस क्लब से की थी। इसके बाद उन्होंने अत्सालेनियोस क्लब को तीसरे डिवीजन में पहुंचाया और लगातार चार सीजन तक टीम का मार्गदर्शन किया। इस दौरान उनकी टीम ने 2005-06 और 2006-07 सीजन में घरेलू मैदान पर एक भी मुकाबला नहीं गंवाया।

इसके बाद उन्होंने जीएस डायगोरास 1905 को ग्रीक फुटबॉल के दूसरे डिवीजन में पहुंचाया। वह ग्रीक सुपर लीग के क्लब पंथ्राकिकोस, पीएओके, एस्टेरास त्रिपोलिस और ओएफआई क्रीट के भी मुख्य कोच रह चुके हैं।

2020-21 और 2021-22 सीजन में उन्होंने वेरिया 1960 क्लब को लगातार दो बार नॉर्थ ग्रुप का चैंपियन बनाया। वहीं 2022 में पानसेराइकोस एफसी की कमान संभालते हुए उन्होंने क्लब को 12 साल बाद दोबारा ग्रीक सुपर लीग में पहुंचाने का कारनामा किया।

कोचिंग से पहले डर्मिट्जाकिस का खिलाड़ी के रूप में भी शानदार करियर रहा। बतौर फॉरवर्ड उन्होंने 15 वर्षों तक पेशेवर फुटबॉल खेला और ग्रीस के विभिन्न क्लबों के लिए 500 से अधिक मैचों में 200 से ज्यादा गोल किए।

मुख्य कोच नियुक्त होने के बाद डर्मिट्जाकिस ने कहा, पंजाब एफसी सिर्फ आज के नतीजों पर नहीं, बल्कि लंबे समय तक सफलता हासिल करने वाली टीम बनाने पर काम कर रहा है। युवा भारतीय खिलाड़ियों के विकास पर क्लब का जोर और शीर्ष स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने की महत्वाकांक्षा मेरे लिए बेहद उत्साहजनक है। मुझे विश्वास है कि प्रतिस्पर्धी टीम तैयार करने और खिलाड़ियों को बेहतर बनाने का मेरा अनुभव क्लब की सोच के अनुरूप है। मैं टीम के साथ काम शुरू करने को लेकर बेहद उत्साहित हूं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Tags