ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स से पहले भारत को झटका, पैरा तैराक तेजस नंदकुमार हुए बाहर

युगवार्ता    13-Jul-2026
Total Views |
पैरा तैराक तेजस नंदकुमार


नई दिल्ली, 13 जुलाई (हि.स.)। ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 से पहले भारतीय दल को बड़ा झटका लगा है। भारतीय पैरा तैराक तेजस नंदकुमार अब इस बहु-खेल प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। आयोजकों ने वर्गीकरण (क्लासिफिकेशन) संबंधी नियमों का हवाला देते हुए उन्हें प्रतियोगिता के लिए अयोग्य घोषित कर दिया है।

20 वर्षीय तेजस नंदकुमार का नाम पिछले सप्ताह भारत के आधिकारिक दल में शामिल था। उन्हें ग्लासगो में पुरुषों की 50 मीटर फ्रीस्टाइल S7 स्पर्धा में भाग लेना था और शुरुआत में आयोजकों ने उनकी एंट्री स्वीकार भी कर ली थी।

हालांकि, 9 जुलाई को ग्लासगो 2026 आयोजन समिति ने भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) को भेजे पत्र में बताया कि अंतरराष्ट्रीय महासंघ द्वारा 23 जून के बाद किए गए वैलिडेशन के दौरान तेजस को प्रतियोगिता के लिए अयोग्य पाया गया।

आयोजकों के अनुसार, कॉमनवेल्थ गेम्स में हिस्सा लेने के लिए पैरा तैराकों के पास कन्फर्म स्पोर्ट क्लास या 2027 या उसके बाद की समीक्षा तिथि वाला क्लासिफिकेशन होना जरूरी था। तेजस का क्लास स्टेटस आर-2025 होने के कारण वह पात्रता मानकों को पूरा नहीं कर सके।

तेजस नंदकुमार इससे पहले 2023 पैरा एशियन गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उनके पैरों में जन्मजात समस्या है, जिसके कारण उन्हें एस7 श्रेणी में रखा गया था। इस श्रेणी में ऐसे खिलाड़ी शामिल होते हैं जिनके हाथ और धड़ सामान्य रूप से काम करते हैं, लेकिन पैरों की कार्यक्षमता सीमित होती है।

पैरा खेलों में क्लासिफिकेशन यह तय करता है कि खिलाड़ी किस वर्ग में प्रतिस्पर्धा करेगा, ताकि सभी प्रतिभागियों के बीच निष्पक्ष मुकाबला सुनिश्चित किया जा सके। यह प्रक्रिया मेडिकल और तकनीकी विशेषज्ञों की समिति द्वारा की जाती है और समय-समय पर खिलाड़ियों की दोबारा समीक्षा भी होती रहती है।

आयोजकों के इस फैसले के बाद तेजस नंदकुमार भारतीय दल का हिस्सा होने के बावजूद ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में हिस्सा नहीं ले पाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Tags