तेलंगाना में केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने दो दिवसीय ‘सिंगरेनी भरोसा यात्रा’ का शुभारंभ किया

युगवार्ता    13-Jul-2026
Total Views |
यात्रा के दौरान एन रामचंद्र राव का स्वागत


तेलंगाना भाजपा की यात्रा


हैदराबाद, 13 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने तेलंगाना भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव के साथ सोमवार को दो दिवसीय 'सिंगरेनी भरोसा यात्रा' की शुरुआत की। इस यात्रा का उद्देश्य सिंगरेनी कोलियरीज कंपनी लिमिटेड (एससीसीएल) को केंद्र सरकार द्वारा ताड़ीचेरला-2 कोयला ब्लॉक आवंटित किए जाने के बारे में जानकारी देना और इसका प्रचार करना है।

हैदराबाद स्थित पार्टी कार्यालय से शुरू हुई यात्रा के दौरान भाजपा नेता चार जिलों में सिंगरेनी खदानों के कर्मचारियों से मिलेंगे और उनसे बातचीत करेंगे। वे कर्मचारियों को कंपनी को मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार द्वारा उठाए गए कदमों के बारे में बताएंगे।

केंद्रीय मंत्री किशन रेड्डी ने ताड़ीचेरला ब्लॉक-2 कोयला ब्लाक को सिंगरेनी को आवंटित करने को एक ऐतिहासिक निर्णय बताया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वर्तमान में एससीसीएल वित्तीय चुनौतियों का सामना कर रही है और नकारात्मक विकास दर्ज कर रही है। ऐसे में यह आवंटन कंपनी को नई गति प्रदान करेगा।

किशन रेड्डी ने बताया कि उच्चतम न्यायालय के कोयला ब्लॉकों के नीलामी-आधारित आवंटन के फैसले के बावजूद प्रधानमंत्री मोदी ने कोयला खदान अधिनियम के तहत उपलब्ध कानूनी प्रावधानों पर विचार करने और कानूनी राय लेने के बाद ताड़ीचेरला ब्लॉक को आवंटित करने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि यह निर्णय राजनीतिक विचारों से ऊपर उठकर लिया गया है, क्योंकि सिंगरेनी के कर्मचारियों का प्रतिनिधित्व करने वाली ट्रेड यूनियनों ने उनसे हस्तक्षेप की मांग की थी। रेड्डी ने दावा किया कि उन्होंने प्रधानमंत्री के साथ चर्चा की और सुनिश्चित किया कि यह आवंटन सिंगरेनी को ही मिले।

यात्रा पर निकलने से पहले प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रामचंद्र राव ने आरोप लगाया कि सार्वजनिक क्षेत्र की इस कंपनी के घाटे में जाने के लिए भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) की पिछली सरकार और वर्तमान कांग्रेस सरकार जिम्मेदार है।

उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि बीआरएस और कांग्रेस दोनों ने सिंगरेनी की उपेक्षा की है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार सिंगरेनी की मदद करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।

राव ने कहा कि ताड़ीचेरला-2 कोयला ब्लॉक के आवंटन से एससीसीएल मजबूत होगी और इसके दीर्घकालिक वित्तीय विकास को समर्थन मिलेगा। उन्होंने दावा किया कि इस आवंटन ने सिंगरेनी के कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj

Tags