वियतनाम नाव हादसा: 15 भारतीयों का पार्थिव शरीर मुंबई रवाना, राज्य सरकारें करेंगी अंतिम गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था

युगवार्ता    13-Jul-2026
Total Views |

नई दिल्ली/हनोई, 13 जुलाई (हि.स.)। वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास हुए दर्दनाक नाव हादसे में जान गंवाने वाले 15 भारतीय नागरिकों के पार्थिव शरीर सोमवार को वियतनाम एयरलाइंस की उड़ान वीएन-979 से हो ची मिन्ह सिटी से मुंबई के लिए रवाना कर दिए गए। यह विमान स्थानीय समयानुसार रात 9:30 बजे मुंबई पहुंचेगा।

वियतनाम स्थित भारतीये दूतावास ने बताया कि मुंबई पहुंचने के बाद आंध्र प्रदेश, केरल और तमिलनाडु की राज्य सरकारें पार्थिव शरीरों को उनके-अपने गृह राज्यों और अंतिम गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था करेंगी।

हनोई स्थित दूतावास और हो ची मिन्ह सिटी स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने हादसे के बाद राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग के लिए फु क्वोक द्वीप विशेष आर्थिक क्षेत्र, आन जियांग प्रांत के प्रशासन, हो ची मिन्ह सिटी के विदेश विभाग, वियतनाम के विदेश मंत्रालय तथा अन्य संबंधित एजेंसियों के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया।

भारतीय मिशन ने वियतनाम के लोगों द्वारा भेजे गए संवेदना संदेशों और प्रार्थनाओं के लिए भी धन्यवाद दिया। दूतावास ने कहा कि इस दुख की घड़ी में वियतनामी नागरिकों की संवेदनाएं, सहयोग और मानवीय समर्थन ने पीड़ित परिवारों तथा भारतीय समुदाय को संबल प्रदान किया।

उल्लेखनीय है कि फु क्वोक द्वीप के निकट भारतीय पर्यटकों को ले जा रही नाव पलटने से 15 भारतीय नागरिकों की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया था। हादसे के बाद भारत और वियतनाम की एजेंसियों ने संयुक्त रूप से राहत, बचाव और पार्थिव शरीरों को स्वदेश भेजने की प्रक्रिया पूरी की।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags