ढाका, 13 जुलाई (हि.स.)। बांग्लादेश के दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं में मरने वालों की संख्या बढ़कर 51 हो गई है, जबकि 10 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। हजारों परिवार अब भी जलभराव के बीच फंसे हुए हैं और राहत-बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
बांग्लादेश सरकार के अनुसार चट्टोग्राम, कॉक्स बाजार, बांदरबन, रंगामाटी, खगराछड़ी, मौलवीबाजार और हबीगंज जिले सबसे अधिक प्रभावित हैं। आपदा प्रबंधन विभाग के मुताबिक अब तक 2,67,918 परिवार बाढ़ से प्रभावित हुए हैं, जबकि करीब 50 हजार लोगों को राहत शिविरों में सुरक्षित पहुंचाया गया है।
कॉक्स बाजार सबसे ज्यादा प्रभावित, रोहिंग्या शिविरों पर भी संकट
सबसे अधिक तबाही कॉक्स बाजार जिले में हुई है, जहां अब तक 28 लोगों की मौत हो चुकी है। यही इलाका 10 लाख से अधिक रोहिंग्या शरणार्थियों का भी आश्रय स्थल है। पिछले सप्ताह भूस्खलन में एक दर्जन से अधिक रोहिंग्या शरणार्थियों की जान चली गई थी, जिसके बाद प्रशासन ने लाउडस्पीकर और वालंटियर्स की मदद से हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।
राहत कार्य तेज, सेना-नौसेना तैनात
आपदा प्रबंधन एवं राहत मंत्री इकबाल हुसैन ने कहा कि सरकार प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री, पीने का पानी और दवाइयां पहुंचाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। सेना और नौसेना के जवान नावों के जरिए दूर-दराज के इलाकों में खाद्य सामग्री, पेयजल और आवश्यक दवाइयां पहुंचा रहे हैं।
हालांकि बिजली आपूर्ति ठप होने, सड़कों और पुलों के क्षतिग्रस्त होने तथा संचार व्यवस्था बाधित होने से राहत और बचाव कार्यों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
लोगों के सामने भोजन का संकट
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों के सामने भोजन का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। चट्टोग्राम के निवासी नुरुल इस्लाम ने बताया कि उनके घर में अब भी पानी भरा हुआ है और खाना बनाने का कोई साधन नहीं बचा है। सूखा राशन भी खत्म हो चुका है और बिजली नहीं होने के कारण परिवार अंधेरे में रात गुजारने को मजबूर है।
अधिकांश प्रभावित परिवार फिलहाल चिउड़ा, मुरमुरा, बिस्कुट और अन्य सूखे खाद्य पदार्थों के सहारे जीवनयापन कर रहे हैं।
जलवायु परिवर्तन को माना जा रहा बड़ी वजह
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार और बुधवार को भारी बारिश में कुछ कमी आने की संभावना है, लेकिन देश के अधिकांश हिस्सों में बारिश जारी रह सकती है।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय