बॉक्स ऑफिस पर चौथे दिन 'धमाल 4' ने मारी बाजी

युगवार्ता    14-Jul-2026
Total Views |
धमाल 4 कास्ट - फोटो सोर्स एक्स


अजय देवगन अभिनीत कॉमेडी-ड्रामा 'धमाल 4' बॉक्स ऑफिस पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है। फिल्म ने रिलीज के चौथे दिन भी मजबूत पकड़ बनाए रखते हुए घरेलू और वैश्विक स्तर पर बेहतरीन कमाई दर्ज की है। कारोबार के सामान्य दिनों में भी फिल्म की कमाई ने साबित कर दिया है कि दर्शकों के बीच इसका क्रेज बरकरार है।

सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार 'धमाल 4' ने रिलीज के चौथे दिन (सोमवार) 8.75 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इसके साथ ही फिल्म का घरेलू नेट कलेक्शन 73.75 करोड़ रुपये पहुंच गया है। वहीं, विश्वभर में फिल्म ने 102.83 करोड़ रुपये की कमाई कर 100 करोड़ क्लब में जगह बना ली है। फिल्म की लगातार मजबूत कमाई को देखते हुए उम्मीद जताई जा रही है कि यह जल्द ही शाहिद कपूर अभिनीत 'ओ रोमियो' के 83.35 करोड़ रुपये के लाइफटाइम कलेक्शन को भी पीछे छोड़ देगी।

दूसरी ओर, आलिया भट्ट, शरवरी वाघ और बॉबी देओल अभिनीत स्पाई एक्शन फिल्म 'अल्फा' की रफ्तार दूसरे सप्ताह में काफी धीमी पड़ गई है। फिल्म ने रिलीज के 11वें दिन केवल 75 लाख रुपये का कारोबार किया, जिससे इसका कुल घरेलू नेट कलेक्शन 54.35 करोड़ रुपये तक पहुंच सका है। शुरुआती अच्छी शुरुआत के बावजूद फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ बनाए रखने में सफल नहीं रही।

उधर, अक्षय कुमार की मल्टीस्टारर कॉमेडी फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' भी अब अंतिम दौर में पहुंचती नजर आ रही है। फिल्म ने रिलीज के 18वें दिन महज 55 लाख रुपये का कलेक्शन किया। इसके साथ ही फिल्म का कुल घरेलू नेट कारोबार 130.10 करोड़ रुपये हो गया है। फिलहाल सिनेमाघरों में 'धमाल 4' की मजबूत पकड़ के कारण अन्य फिल्मों की कमाई पर स्पष्ट असर देखने को मिल रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Tags