मुरादाबाद में 16 से 19 जुलाई तक होगी राज्य सब जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप

युगवार्ता    14-Jul-2026
Total Views |
बैठक में डिस्ट्रिक्ट बैडमिंटन एसोसिएशन के पदाधिकारी।


प्रतियोगिता में प्रदेशभर के अंडर-15 और अंडर-17 वर्ग के खिलाड़ी करेंगे प्रतिभाग

मुरादाबाद, 14 जुलाई (हि.स.)। डिस्ट्रिक्ट बैडमिंटन एसोसिएशन मुरादाबाद की मेजबानी में पहली उत्तर प्रदेश राज्य सब जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप का आयोजन 16 से 19 जुलाई तक ब्रास सिटी जिमखाना, अगवानपुर मुरादाबाद में होगा। प्रतियोगिता में प्रदेशभर के अंडर-15 और अंडर-17 वर्ग के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। आयोजन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं।

प्रतियोगिता से पहले आयोजन स्थल स्थित बैडमिंटन हॉल में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इसके साथ ही सभी बैडमिंटन कोर्ट और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया गया। प्रतियोगिता की व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए मानसरोवर कॉलोनी में मंगलवार को डिस्ट्रिक्ट बैडमिंटन एसोसिएशन की बैठक हुई। जिसमें खिलाड़ियों और अधिकारियों के आवास, भोजन, परिवहन, तकनीकी व्यवस्थाओं तथा प्रतियोगिता के सफल संचालन से जुड़े सभी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से कैप्टन अमिताभ प्रकाश को डिस्ट्रिक्ट बैडमिंटन एसोसिएशन, मुरादाबाद का चेयरमैन नियुक्त किया गया।

बैठक में एसोसिएशन के उपाध्यक्ष विपिन गुप्ता, सहसचिव मनीष भट्ट, लीगल एडवाइजर आनंद मोहन गुप्ता, प्रो. अनिल चौहान, डॉ. हिमांशु यादव सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। आयोजकों का कहना है कि प्रतियोगिता के लिए सभी तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएंगी, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर खेल वातावरण मिल सके।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Tags