छत्तीसगढ़ के कांकेर में सुरक्षाबलों ने बड़ी मात्रा में नक्सली सामग्री बरामद की

युगवार्ता    15-Jul-2026
Total Views |
छत्तीसगढ़ के कांकेर में नक्सली डम्प से हथियार व विस्फोटक बरामद


कांकेर, 15 जुलाई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के कांकेर में कोयलीबेड़ा थाना क्षेत्र अंर्तगत कांकेर-नारायणपुर सीमा के जंगल-पहाड़ी इलाके में नक्सलियों के एक डंप से सुरक्षाबलों ने हथियार, लॉन्चर, टिफिन आईईडी (तात्कालिक विस्फोटक उपकरण), पाइप बम व अन्य नक्सल सामग्री बरामद की है। बरामद विस्फोटकों को मौके पर ही सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर नष्ट कर दिया गया। कांकेर पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार कोयलीबेड़ा क्षेत्र के हेटारकसा, पल्लाहूर और जपमारका गांवों के मध्य जंगल-पहाड़ी इलाके में सघन सर्चिंग अभियान के दौरान बुधवार काे सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के छिपाए गए डंप का पता लगाया। तलाशी के दौरान सुरक्षाबलों ने बड़ी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री बरामद की। सुरक्षाबलों ने डम्प से एक 303 रायफल मैगजीन, एक बीजीएल लॉन्चर, 303 रायफल के 4 राउंड, एके-47 के 30 राउंड, एसएलआर के 4 राउंड, 10 बीजीएल सेल, लगभग 3 किलोग्राम का टिफिन आईईडी, 2 पाइप बम एवं अन्य नक्सल सामग्री बरामद की है। बरामद टिफिन आईईडी, पाइप बम और बीजीएल सेल को सुरक्षा की दृष्टि से बम निरोधक दस्ते ने मौके पर ही निष्क्रिय कर नष्ट कर दिया।

कांकेर पुलिस ने बताया कि नक्सल प्रभावित सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा बलों द्वारा लगातार संयुक्त सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है। क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए आगे भी ऐसे अभियान पूरी सतर्कता के साथ जारी रहेंगे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Tags