आईआरसीटीसी की नई वेबसाइट का बीटा संस्करण आज रात नौ बजे से होगा लाइव

युगवार्ता    15-Jul-2026
Total Views |

नई दिल्ली, 15 जुलाई (हि.स.)। भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) अपनी नई वेबसाइट का बीटा संस्करण बुधवार रात नौ बजे से आम उपयोगकर्ताओं के लिए उपलब्ध कराएगा। उपयोगकर्ता नई वेबसाइट के डिजाइन और सुविधाओं का अनुभव लेने के साथ अपने सुझाव भी दे सकेंगे, जिन्हें अंतिम संस्करण में शामिल किया जाएगा।

रेल मंत्रालय ने बताया कि नई वेबसाइट का बीटा संस्करण मौजूदा आईआरसीटीसी वेबसाइट के होमपेज से भी एक्सेस किया जा सकेगा। वेबसाइट में किए गए कई महत्वपूर्ण बदलाव मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनआईटी), जयपुर के छात्रों द्वारा रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ हुई बातचीत के दौरान दिए गए सुझावों पर आधारित हैं।

आईआरसीटीसी की वेबसाइट वर्ष 2002 में शुरू की गई थी और वर्तमान में इस पर प्रतिदिन औसतन 14.5 लाख टिकटों की बुकिंग होती है। नए संस्करण में वेबसाइट का इंटरफेस अधिक आकर्षक, सरल और उपयोगकर्ता-अनुकूल बनाया गया है, जिससे टिकट बुकिंग का अनुभव पहले की तुलना में अधिक सहज होगा।

बीटा संस्करण में चार प्रमुख बदलाव किए गए हैं। इनमें अनावश्यक कैप्चा, पॉप-अप और ध्यान भटकाने वाले ग्राफिक्स को हटाया गया है। सभी श्रेणियों में सीटों की उपलब्धता एक साथ दिखाई देगी, टिकट बुकिंग की प्रक्रिया में चरणों की संख्या कम कर चेकआउट को तेज बनाया गया है तथा सहेजे गए यात्री विवरण के माध्यम से बार-बार टिकट बुक करना पहले से अधिक आसान होगा।

रेल मंत्रालय के अनुसार नई वेबसाइट के डिजाइन और उपयोगकर्ता अनुभव को बेहतर बनाने की प्रक्रिया में एमएनआईटी के छात्रों को भी शामिल किया गया था। उनके सुझावों के आधार पर तैयार इस बीटा संस्करण को अब सार्वजनिक परीक्षण के लिए जारी किया जा रहा है, ताकि उपयोगकर्ताओं से प्राप्त प्रतिक्रिया के आधार पर इसमें और सुधार किए जा सकें।

मंत्रालय ने बताया कि अगले कुछ सप्ताह में आईआरसीटीसी की नई वेबसाइट को नए यात्री आरक्षण इंजन के साथ भी एकीकृत कर दिया जाएगा। वर्तमान में दशकों पुराने इस आरक्षण इंजन का भी व्यापक आधुनिकीकरण किया जा रहा है। चूंकि उन्नयन के दौरान टिकट बुकिंग प्रणाली को लगातार चालू रखना आवश्यक था, इसलिए यह कार्य चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है। नया यात्री आरक्षण इंजन भी शीघ्र ही शुरू किया जाएगा।

रेल मंत्रालय ने उपयोगकर्ताओं से अपील की है कि वे नई वेबसाइट का उपयोग कर अपने सुझाव और प्रतिक्रिया साझा करें, ताकि भविष्य में इसे और अधिक प्रभावी, तेज तथा उपयोगकर्ता-केंद्रित बनाया जा सके।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Tags