मणिपुर के सेनापति में प्रदर्शन के दौरान हिंसा, असम राइफल्स के वाहन फूंके

युगवार्ता    15-Jul-2026
Total Views |
Image of the Burning of Assam Rifles' Vehicle During Protest in Manipur's Senapati.


इंफाल, 15 जुलाई (हि.स.)। मणिपुर के सेनापति जिले में मंगलवार रात असम राइफल्स के कंपनी ऑपरेटिंग बेस (सीओबी) के बाहर हुए प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया और एक असम राइफल्स के ट्रक को पलट दिया गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बताया गया है कि सोशल मीडिया पर ओकलोंग गांव के माओ-माराम उपमंडल में असम राइफल्स और नागा आर्मी के हुथरोंग ब्रिगेड मुख्यालय के बीच कथित टकराव की खबरें प्रसारित होने के बाद बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी सेनापति के ट्रैफिक प्वाइंट पर एकत्र हुए। इसके बाद प्रदर्शनकारी असम राइफल्स के शिविर की ओर मार्च करते हुए ओकलोंग क्षेत्र से बलों की वापसी की मांग करने लगे।

प्रदर्शन के दौरान शिविर के बाहर खड़ी एक ऑल्टो कार और पास स्थित एक प्रतीक्षालय में आग लगा दी गई। बाद में ओकलोंग से असम राइफल्स के हटने की सूचना सामने आने के बाद लौट रहे सुरक्षा वाहनों पर भी कथित रूप से हमला किया गया। इस दौरान एक असम राइफल्स ट्रक को पलट दिया गया तथा दो जिप्सी वाहनों में आग लगा दी गई।

स्थिति बिगड़ने पर सुरक्षा बलों ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े।

हालांकि, घटनाक्रम, नुकसान की वास्तविक सीमा तथा किसी के हताहत या घायल होने की जानकारी की आधिकारिक रूप से नहीं हुई है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

Tags