
चेन्नई, 15 जुलाई (हि.स.)। दक्षिण भारत में मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से केरल के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने बुधवार को चेन्नई स्थित तमिलनाडु सचिवालय में मुख्यमंत्री विजय से मुलाकात कर विस्तृत चर्चा की। बैठक में केरल सरकार की ओर से संचालित ‘ऑपरेशन तूफान’ अभियान, अंतरराज्यीय समन्वय, सीमा क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने तथा संयुक्त पुलिस कार्रवाई को लेकर विचार-विमर्श किया गया। दोनों नेताओं ने नशे के खिलाफ साझा रणनीति अपनाने और राज्यों के बीच सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई।
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में केरल के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने बताया कि उनकी मुख्यमंत्री विजय से मुलाकात का मुख्य उद्देश्य दक्षिण भारत के राज्यों के बीच समन्वय स्थापित कर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान को और अधिक प्रभावी बनाना है। उन्होंने कहा कि केरल सरकार ने नशा उन्मूलन अभियान के लिए अभिनेता मोहनलाल को ब्रांड एंबेसडर बनाया है, ताकि युवाओं और समाज में जागरूकता बढ़ाई जा सके।
उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि नशा तस्करों के गिरोह विशेष रूप से कॉलेज और विश्वविद्यालयों के छात्रों को अपना निशाना बना रहे हैं। ऐसे में राज्यों के बीच बेहतर तालमेल और संयुक्त कार्रवाई समय की आवश्यकता है। उन्होंने मुख्यमंत्री विजय को केरल आने का निमंत्रण भी दिया।
रमेश चेन्निथला ने आगे बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए केरल पुलिस के महानिदेशक (डीजीपी) ने तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना और पुडुचेरी के पुलिस महानिदेशकों के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त अभियान चलाने की पहल की है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में सभी राज्यों के बीच सूचना साझा करने और समन्वित कार्रवाई की रूपरेखा तैयार की जा रही है।
उन्होंने कहा कि तमिलनाडु सरकार ने इस अभियान में पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया है। मुख्यमंत्री विजय ने तमिलनाडु-केरल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत करने तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने का भरोसा दिलाया है। साथ ही जल्द ही दक्षिण भारत के पांच राज्यों के पुलिस महानिदेशकों (डीजीपी) की संयुक्त बैठक आयोजित कर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ साझा रणनीति तैयार की जाएगी।
गृह मंत्री ने कहा कि नशे की समस्या से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए केवल पुलिस कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि युवाओं और विद्यार्थियों के बीच जागरूकता फैलाना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों और नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।
उन्होंने बताया कि केरल सरकार के ‘ऑपरेशन तूफान’ अभियान के तहत अब तक पुलिस ने लगभग 70 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए हैं। इस अभियान का उद्देश्य अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क को ध्वस्त करना, नशा कारोबार में शामिल अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करना तथा दक्षिण भारत में मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV