विदेशी डेबिट कार्ड से 3.20 करोड़ की निकासी छत्तीसगढ़ के धमतरी शहर के एटीएम से

युगवार्ता    16-Jul-2026
Total Views |
सिटी कोतवाली धमतरी।


धमतरी, 16 जुलाई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के धमतरी में विदेशी डेबिट कार्ड के जरिए एटीएम से 3.20 करोड़ रुपये की संदिग्ध निकासी का बड़ा मामला सामने आया है, जिसकी जांच राज्य की विशेष जांच एजेंसी और प्रवर्तन निदेशालय कर रही है। यह मामला देश में चल रहे करीब 90 से 95 करोड़ रुपये के संदिग्ध अंतरराष्ट्रीय फंडिंग नेटवर्क से जुड़ा हुआ है।

विदेशी फंडिंग से जुड़े संदिग्ध वित्तीय लेनदेन मामले में जांच एजेंसी एसआईए को बड़ा सुराग मिला है। जांच एजेंसी एसआईए को टिकरापारा धमतरी स्थित सुंदरगंज चर्च के पास एयू स्माल फाइनेंस बैंक के एटीएम से विदेशी डेबिट कार्ड से तीन करोड़ 20 लाख रुपये का संदिग्ध ट्रांजेक्शन मिला है, जो जांच एजेंसी के लिए एक नया सुराग है। इसके बाद जांच एजेंसी ने इस एटीएम को जांच के दायरे में लिया है।

बैंक से ट्रांजेक्शन संबंधी पूरा रिकार्ड और सीसीटीवी फुटेज एजेंसी ने अपने कब्जे में ले लिया है। यह जानकारी सार्वजनिक होने के बाद धमतरी में इसे कई एंगल से जोड़कर देखा जा रहा है और लोगों में इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं है।

जांच एजेंसी के सूत्रों व शहर में चर्चा के अनुसार धमतरी स्थित चर्च के पास स्थित एयू स्माल फाइनेंस बैंक के एटीएम से विदेशी डेबिट कार्ड का उपयोग कर करीब 3200 बार 10-10 हजार रुपये की निकासी की गई है। निकासी के माध्यम से यहां से कुल तीन करोड़ 20 लाख रुपये निकाली गई है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस लेनदेन का संबंध किस नेटवर्क से है और निकाली गई राशि का उपयोग किन गतिविधियों में किया गया। जिस एटीएम से निकासी हुई है, वह सुंदरगंज चर्च से करीब 15 से 20 मीटर की दूरी पर है। इस वजह से जांच एजेंसियां पूरे मामले को विदेशी फंडिंग की व्यापक जांच से जोड़कर देख रही हैं और इससे जुड़े अन्य संभावित लिंक भी खंगाल रही हैं। चर्चा है कि कार्रवाई के दौरान जांच एजेंसियों को जिस व्यक्ति की तलाश है, वह मौके पर नहीं मिला और फरार हो गया है।

एजेंसी के अधिकारी-कर्मचारी तलाश जारी रखे हैं। एजेंसियां यह भी जांच कर रही हैं कि इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। वहीं विदेशी फंडिंग की रकम किन माध्यमों से यहां तक पहुंची है।

एयू स्माल फाइनेंस बैंक, धमतरी के प्रबंधक मिस्टर जेकब ने आज जानकारी दी है कि टिकरापारा के एटीएम से राशि आहरण को लेकर जांच चल रही है। यहां लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए हैं। फुटेज ब्रांच की ओर से भेज दिए गए हैं। आगे की जांच उच्च स्तर पर की जा रही है। जबकि शैलेन्द्र पांडेय, एएसपी धमतरी ने बताया है कि शहर के टिकरापारा स्थित एयू स्माल फाइनेंस बैंक के एटीएम से तीन करोड़ 20 लाख रुपये की राशि विदेशी डेबिट कार्ड से निकासी संबंधी किसी तरह की जानकारी नहीं है।

उल्लेखनीय है कि जांच के अनुसार, नवंबर 2025 से अप्रैल 2026 के बीच विदेशी डेबिट कार्डों के माध्यम से भारत में लगभग 95 करोड़ रुपये लाए गए। छत्तीसगढ़ के धमतरी और बस्तर जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में ही करीब 6.5 करोड़ रुपये एटीएम से निकाले गए हैं। ईडी की जांच में सामने आया है कि इस पैसे का इस्तेमाल 'द टिमोथी इनिशिएटिव' नामक संगठन की गतिविधियों के लिए किया जा रहा था, जो भारत में विदेशी अंशदान विनियमन अधिनियम के तहत पंजीकृत नहीं है। यह मामला देश में चल रहे करीब 90 से 95 करोड़ रुपये के संदिग्ध अंतरराष्ट्रीय फंडिंग नेटवर्क से जुड़ा हुआ है।

यह निकासी अमेरिका के 'ट्रुइस्ट बैंक' से जुड़े विदेशी डेबिट कार्डों के जरिए रेगुलेटरी सिस्टम को दरकिनार कर की गई है।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Tags