
नई दिल्ली, 16 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने बेंगलुरु की कर्नाटक एंटीबायोटिक्स एंड फार्मास्यूटिकल्स लिमिटेड (केएपीएल) के प्रबंध निदेशक अनुराग दनायक को बुधवार को 5 लाख रुपये घूस लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
सीबीआई के मुताबिक दनायक ने भोपाल स्थित एक अधिकृत सेवा एजेंट फर्म से लगभग 15 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। यह राशि सेवा एजेंट समझौते की मंजूरी, अतिरिक्त संस्थानों को जोड़ने के आवेदन और चालू वित्त वर्ष में दवाओं की बिक्री पर मिलने वाले कमीशन में हिस्सेदारी के लिए मांगी गई थी। उसे नोएडा में 5 लाख रुपये की रिश्वत लेते समय पकड़ा गया, जो कुल मांगी गई राशि का हिस्सा था।
गिरफ्तारी के बाद सीबीआई ने दनायक के बेंगलुरु, नोएडा और जबलपुर स्थित आवास और कार्यालयों पर तलाशी ली। तलाशी में लगभग 75 लाख रुपये नकद, 4 लाख रुपये मूल्य की विदेशी मुद्रा, 697 ग्राम सोने के आभूषण और सिक्के (लगभग 86 लाख रुपये मूल्य) तथा एक फ्लैट के संपत्ति दस्तावेज़ बरामद किए गए। मामले की जांच अभी जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर