इजराइल का दावा- गाजा के 60% हिस्से पर अब सेना का नियंत्रण

युगवार्ता    16-Jul-2026
Total Views |
सेंट्रल कमांड चीफ मेजर जनरल एवी ब्लुथ (फाइल फोटो)


यरुशलम, 16 जुलाई (हि.स.)। इजराइली सेना (आईडीएफ) ने दावा किया है कि उसने गाजा पट्टी के 60 प्रतिशत से अधिक क्षेत्र पर नियंत्रण स्थापित कर लिया है। सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, अब हमास के लिए 07 अक्टूबर 2023 जैसी बड़े पैमाने की घुसपैठ दोहराना संभव नहीं रह गया है, हालांकि संगठन अब भी गाजा के शेष हिस्से में मौजूद है और उसकी कुछ सैन्य क्षमता बरकरार है।

आईडीएफ के सेंट्रल कमांड प्रमुख मेजर जनरल एवी ब्लुथ ने 99वीं डिवीजन के कमांडर के पदभार ग्रहण समारोह में कहा कि उत्तरी गाजा के पास से देखा जा सकता है कि सेना ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है और अब गाजा के 60 प्रतिशत से ज्यादा इलाके पर उसका नियंत्रण है। उन्होंने कहा कि गाजा सीमा से सटे इजरायली समुदायों की सुरक्षा के लिए दो डिवीजनों की तैनाती की गई है और अब पहले जैसी घुसपैठ का खतरा नहीं रहा।

हालांकि ब्लुथ ने स्वीकार किया कि हमास अब भी गाजा के शेष हिस्से पर नियंत्रण बनाए हुए है और उसके पास कुछ सैन्य क्षमताएं मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि संगठन का इजरायल को नष्ट करने का उद्देश्य अब भी नहीं बदला है।

इससे पहले, मई में इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सेना को गाजा के 70 प्रतिशत क्षेत्र पर नियंत्रण स्थापित करने का निर्देश दिया था। अक्टूबर 2025 में लागू युद्धविराम के समय आईडीएफ के नियंत्रण में लगभग 53 प्रतिशत गाजा था, जबकि शेष 47 प्रतिशत क्षेत्र हमास के नियंत्रण में था, जहां गाजा की लगभग पूरी आबादी निवास करती है।

इजराइल के इस दावे के बीच गाजा में संघर्ष जारी है और अंतरराष्ट्रीय समुदाय लगातार स्थायी युद्धविराम तथा मानवीय सहायता बढ़ाने की अपील कर रहा है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags