उपराज्यपाल ने श्री माता वैष्णो देवी मंदिर में चढ़ावे और दान प्रबंधन प्रणाली की समीक्षा की

युगवार्ता    16-Jul-2026
Total Views |
उपराज्यपाल ने श्री माता वैष्णो देवी मंदिर बोर्ड की बैठक में चढ़ावे और दान प्रबंधन प्रणाली की समीक्षा की


जम्मू, 16 जुलाई (हि.स.)। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने गुरुवार को श्री माता वैष्णो देवी मंदिर में चढ़ावे और दान प्रबंधन प्रणाली की समीक्षा के लिए बोर्ड के सदस्यों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक के दौरान श्रद्धालुओं के चढ़ावे के संग्रह, गिनती, लेखांकन, सुरक्षा और उपयोग की व्यापक समीक्षा की गई। चढ़ावे और दान के प्रबंधन में पूर्ण पारदर्शिता, जवाबदेही और स्थापित मानक संचालन प्रक्रियाओं का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में बोर्ड के अधिकारियों ने दान पेटियों, दान काउंटरों, ऑनलाइन प्लेटफार्मों और कीमती धातुओं के रूप में प्राप्त चढ़ावे के सुरक्षित और पारदर्शी प्रबंधन के लिए स्थापित सुदृढ़ प्रणालियों और संस्थागत तंत्रों पर प्रकाश डाला। बैठक में सत्यापन प्रक्रियाओं, निगरानी तंत्र, बैंकिंग सुरक्षा उपायों और आवधिक लेखापरीक्षाओं के बारे में जानकारी दी गई, जो प्रक्रिया के हर चरण को नियंत्रित करते हैं। इसके अलावा यह भी बताया गया कि चढ़ावे और दान से संबंधित सभी वित्तीय लेनदेन निर्धारित बैंकिंग मानदंडों, वैधानिक प्रावधानों और भारत सरकार द्वारा समय-समय पर जारी किए गए दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही किए जाते हैं।

बोर्ड ने बहुमूल्य धातुओं के रूप में प्राप्त चढ़ावों के प्रबंधन और भंडारण के लिए अपनाए गए कड़े सुरक्षा प्रोटोकॉल और भारतीय रिज़र्व बैंक और हैदराबाद स्थित भारतीय सरकारी टकसाल सहित प्रतिष्ठित सरकारी अनुमोदित संस्थानों के माध्यम से उनके सुरक्षित परिवहन, प्रसंस्करण और शोधन की भी सराहना की। विस्तृत समीक्षा के बाद बोर्ड ने मौजूदा व्यवस्थाओं की पारदर्शिता, जवाबदेही और दक्षता पर संतोष व्यक्त किया।

बैठक में मंदिर बोर्ड के सदस्य महामंडलेश्वर स्वामी विश्वेश्वरानंद गिरिजी महाराज, श्री बालेश्वर राय, डॉ. अशोक भान, श्रीमती सुधा मूर्ति, श्रीमती गुंजन राणा, डॉ. के.के. तलवार, कुलभूषण आहूजा, ललित भासिन, सुरेश कुमार शर्मा, उपराज्यपाल के प्रधान सचिव डॉ. मनदीप के. भंडारी, सचिन कुमार वैश्य, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, एसएमवीडीएसबी, आलोक कुमार मौर्य अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी एसएमवीडीएसबी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी व्यक्तिगत रूप से और ऑनलाइन माध्यम से कटरा स्थित आध्यात्मिक विकास केंद्र में उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

Tags