वस्त्र उद्योग में वैश्विक नेतृत्व को पूरी तरह तैयार है भारत : नरेन्द्र गोयनका

युगवार्ता    17-Jul-2026
Total Views |
भारत टेक्स ट्रेड फेडरेशन' के अध्यक्ष नरेन्द्र गोयनका के साथ अन्य लोग मौजूद।


नई दिल्ली, 17 जुलाई (हि.स.)। 'भारत टेक्स ट्रेड फेडरेशन' के अध्यक्ष नरेन्द्र गोयनका ने शुक्रवार को कहा कि भारत अब पर्यावरण-अनुकूल और आधुनिक तकनीक से लैस वस्त्र उद्योग में वैश्विक नेतृत्व करने के लिए पूरी तरह तैयार है।

गोयनका ने यहां भारत मंडपम में चार दिवसीय 'भारत टेक्स 2026' के समापन पर आयोजित संवाद सत्र में कहा, यह आयोजन न केवल व्यापारिक साझेदारी को मजबूत करने में मददगार साबित हुआ है, बल्कि इसने सस्टेनेबल और टेक्नोलॉजी-ड्रिवन टेक्सटाइल्स के भविष्य का नेतृत्व करने की भारत की क्षमता को भी पूरी दुनिया के सामने मजबूती से साबित किया है। 'भारत टेक्स 2026' 14-17 जुलाई तक चला।

गोयनका ने मीडिया को बताया कि इस वर्ष 'भारत टेक्स' ने अग्रणी वैश्विक कपड़ा और परिधान गंतव्य के रूप में भारत की स्थिति को और मजबूत किया है। इस दौरान 1,15,000 आगंतुक आए। इनमें 11 हजार से अधिक खरीदार शामिल थे, जिनमें से लगभग 6,000 खरीदार अंतरराष्ट्रीय बाजारों से थे जो 138 देशों का प्रतिनिधित्व कर रहे थे।

उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में 1617 प्रदर्शक शामिल थे, जिनमें से लगभग 70 प्रतिशत एमएसएमई थे। यह भारत के विनिर्माण पारिस्थितिकी तंत्र की ताकत और विविधता को उजागर करता है। इसके अलावा इन चार दिनों के दौरान, 28,500 से अधिक बिजनेस-टू-बिजनेस बैठकें हुईं। ये वो बैठकें हैं जिन्हें खरीदारों और प्रदर्शकों ने ऐप पर पहले से ही कन्फर्म किया था। इसके साथ ही भारत टेक्स के दौरान 100 से अधिक गवर्नमेंट-टू-गवर्नमेंट और बिजनेस-टू-गवर्नमेंट बैठकें भी हुईं।

गोयनका ने बताया कि भारत टेक्स ने लगभग 14,300 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों को आकर्षित किया है। यह दर्शाता है कि यह आयोजन केवल कागजी दावों तक नहीं, बल्कि वास्तविक आर्थिक प्रगति का जरिया है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Tags