सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया को 2026-27 की पहली तिमाही में 1,324 करोड़ रुपये का मुनाफा

युगवार्ता    17-Jul-2026
Total Views |
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के लोगो का प्रतीकात्मक चित्र


नई दिल्ली, 17 जुलाई (हि.स.)। सार्वजनिक क्षेत्र के सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के नतीजे का ऐलान कर दिया है। बैंक का (अप्रैल-जून) पहली तिमाही में शुद्ध लाभ 13 फीसदी बढ़कर 1,324 करोड़ रुपये हो गया। बैंक ने पिछले वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही में 1,169 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया था।

सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने शुक्रवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि 30 जून, 2026 को समाप्त चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में उसकी कुल आय बढ़कर 10,678 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 10,360 करोड़ रुपये थी। इस दौरान बैंक की ब्याज आय बढ़कर 9,691 करोड़ रुपये हो गई जो पिछले वित्त वर्ष की जून तिमाही में 8,589 करोड़ रुपये थी।

बैंक का परिचालन लाभ पहली तिमाही में घटकर 2,186 करोड़ रुपये रह गया है, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में 2,304 करोड़ रुपये रहा था। इस दौरान बैंक की परिसंपत्ति गुणवत्ता में सुधार हुआ है। पहली तिमाही के अंत में सकल अग्रिमों के मुकाबले सकल गैर-निष्पादित परिसंपत्तियां (एनपीए) घटकर 2.60 फीसदी रह गईं जो पिछले वित्त वर्ष में 3.13 फीसदी रहीं थीं। बैंक का शुद्ध एनपीए 30 जून, 2026 तक 0.49 फीसदी पर स्थिर रहा।

बैंक के मुताबिक पहली तिमाही में खराब ऋणों के लिए प्रावधान घटकर 346 करोड़ रुपये रह गया, जो जून, 2025 के अंत में 468 करोड़ रुपये रहा था। इस दौरान बैंक का पूंजी पर्याप्तता अनुपात बढ़कर 18.28 फीसदी हो गया, जो वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही के अंत में 17.66 फीसदी था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Tags