पूर्वोत्तर भारत से लेकर पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों तक अगले सात दिनों में भारी बारिश के आसार

युगवार्ता    17-Jul-2026
Total Views |
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 17 जुलाई (हि.स.)। देश के पूर्वोत्तर इलाके से लेकर उपहिमालयी पश्चिम बंगाल और पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों सहित अन्य राज्यों में अगले सात दिनों के दौरान भारी बारिश होने के आसार हैं। वहीं दिल्ली-एनसीआर में अगले दो दिनों के दौरान छिटपुट बारिश के बीच उमस भरी गर्मी रहने की संभावना है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार राजधानी में शनिवार को सुबह या दोपहर के समय कुछ जगहों पर मध्यम हवाओं के झोंके के साथ हल्की बारिश होने के आसार हैं लेकिन कुछ इलाकों में उमस और गर्मी रहने की भी संभावना है। इस दिन यहां का अधिकतम और न्यूनतम तापमान 36-38 डिग्री सेल्सियस तथा 28-30 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं, रविवार को भी यही स्थिति बरकरार रहने की संभावना है। 20 जुलाई को सुबह या दोपहर के समय हल्की बारिश हो सकती है। इस दिन का अधिकतम तापमान 32-34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25-27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

उल्लेखनीय है कि राजधानी में आज मौसम विभाग ने दोपहर या शाम के समय मध्यम रफ्तार से चलने वाली हवाओं के साथ हल्की वर्षा का अनुमान लगाया था। फिलहाल यहां के निवासियों ने आज के मौसम में काफी उमस भरी गर्मी महसूस की।

मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिम बंगाल और उसके आस-पास के इलाकों में बना कम दबाव का क्षेत्र कमजोर पड़ गया और यह एक सामान्य कम दबाव के क्षेत्र में बदल गया है। इसके असर से अगले 7 दिनों के दौरान पूर्वोत्तर भारत, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, उत्तर प्रदेश और पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में बहुत भारी बारिश होने के आसार हैं। 18-19 जुलाई को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी कहीं-कहीं बहुत अधिक बारिश होने की संभावना है।

इसके अलावा, अगले 7 दिनों तक पश्चिम-मध्य, दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में और अगले 3 दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में बारिश की गतिविधि कम रहने की संभावना है।

उत्तर-पश्चिम भारत के हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में अगले दो दिनों के दौरान तथा फिर 23 जुलाई को हल्की बारिश होने की संभावना है जबकि जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं 18-23 जुलाई के दौरान भारी बारिश होने के आसार हैं।

मध्य भारत के पश्चिमी मध्य प्रदेश में 18-20 जुलाई और विदर्भ में 19-23 जुलाई के दौरान कहीं-कहीं या छिटपुट बारिश होने की संभावना है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में 21-23 जुलाई के दौरान व्यापक वर्षा होने के आसार हैं।

पूर्वी भारत के अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 18-19 जुलाई और 23 जुलाई को कहीं-कहीं या कुछ जगहों पर बारिश होने की संभावना है। पूर्वोत्तर भारत के अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 18-20 जुलाई के दौरान वर्षा हो सकती है। पश्चिम भारत के कोंकण और गोवा में 18-23 जुलाई के दौरान बारिश होने की संभावना है।

दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और तेलंगाना में 18-23 जुलाई के दौरान वर्षा होने के आसार हैं। इन क्षेत्रों में वर्षा होने के साथ-साथ तेज रफ्तार हवाएं चल सकती है, जिनकी गति 40-70 किमी प्रति घंटा रहने की संभावना है।

हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में 18 जुलाई के दौरान गर्म और उमस भरे मौसम की स्थिति रहने की संभावना है।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Tags