
काठमांडू, 17 जुलाई (हि.स.)। बालेन्द्र शाह सरकार ने 1 रुपये के सिक्के से नेपाल का विवादित नक्शा हटाकर उसकी जगह मुस्ताङ स्थित लो घ्याकर (घर) गुम्बा की आकृति अंकित करने का निर्णय लिया है।
मंत्रिपरिषद की आज हुई बैठक में नेपाल राष्ट्र बैंक को 1 और 2 रुपये के नए सिक्के ढालने (टकसाल में तैयार करने) की स्वीकृति दी गई।नेपाल राष्ट्र बैंक के अधिकारियों के अनुसार नए सिक्कों का मौजूदा आकार, वजन, धातु और डिजाइन बदला जाएगा। इसी क्रम में 1 रुपये के सिक्के पर बने नेपाल के नक्शे को हटाकर आठवीं शताब्दी के ऐतिहासिक लो घ्याकर गुम्बा का चित्र अंकित करने का निर्णय लिया गया है। सरकारी अधिकारियों ने तर्क दिया कि सिक्के का आकार छोटा होने के कारण उस पर नेपाल का नक्शा स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करना कठिन है।
नेपाल के विवादित नक्शे अंकित सिक्के निकालने का निर्णय तत्कालीन केपी शर्मा ओली की सरकार ने किया था। लेकिन बालेन्द्र सरकार ने उस विवादित नक्शे को हटा कर भारत के साथ अपने संबंधों को और मजबूत करने का संकेत दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास