सीतारमण ने एक लाख से अधिक लाभार्थियों को 3,216 करोड़ रुपये के ऋण वितरित किए

युगवार्ता    17-Jul-2026
Total Views |
नरसरावपेट में ऋण संपर्क कार्यक्रम में हिस्सा लेते वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण


नरसरावपेट में ऋण संपर्क कार्यक्रम को संबोधित करते वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण


नई दिल्ली, 17 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शुक्रवार को आंध्र प्रदेश के पलनाडु जिले के नरसरावपेट में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के ऋण पहुंच कार्यक्रम के दौरान सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत एक लाख से अधिक लाभार्थियों को 3,216 करोड़ रुपये के कर्ज वितरित किए। इस मौके पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू भी मौजद रहे।

वित्त मंत्रालय ने एक्स पोस्ट में बताया कि नरसरावपेट में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों द्वारा आयोजित एक विशाल ऋण संपर्क कार्यक्रम में वित्त मंत्री सीतारमण ने हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम में आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों और किसानों को लगभग 3,216 करोड़ रुपये के ऋण वितरित किए गए।

सीतारमण और मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने नरसरावपेट में विभिन्न सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की ओर से आयोजित ऋण संपर्क कार्यक्रम में हिस्सा लिया। सीतारमण और नायडू ने यूनियन बैंक की कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) पहल के तहत उपलब्ध कराई गई एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाई तथा छात्राओं को साइकिल वितरित की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री नायडू ने बताया कि कृषि क्षेत्र के लिए 2,363 करोड़ रुपये, सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यमों के लिए 325 करोड़ रुपये और आवास, शिक्षा, वाहन तथा सौर ऊर्जा के लिए 624 करोड़ रुपये के ऋण मंजूर किए गए हैं।

इसके अलावा एक अलग कार्यक्रम में नायडू और सीतारमण ने सार्वजनिक क्षेत्र के यूनियन बैंक की कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व पहल के तहत उपलब्ध कराई गई एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाई तथा छात्राओं को साइकिल वितरित की।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Tags