आईसीसी एंटी डोपिंग नियमों के उल्लंघन में पाकिस्तानी क्रिकेटर मोहम्मद नवाज पर लगा तीन माह का प्रतिबंध

युगवार्ता    17-Jul-2026
Total Views |
पाकिस्तानी क्रिकेटर मोहम्मद नवाज़


दुबई, 17 जुलाई (हि.स.)। पाकिस्तान के बाएं हाथ के स्पिनर मोहम्मद नवाज को आईसीसी एंटी-डोपिंग संहिता के उल्लंघन का दोषी पाए जाने के बाद तीन महीने के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया है। उन्होंने आरोप स्वीकार कर लिया है और नशीले पदार्थों के उपचार कार्यक्रम में शामिल होने पर सहमति जताई है, जिसके बाद उनकी प्रतिबंध अवधि में राहत दी जाएगी।

आईसीसी के अनुसार 32 वर्षीय नवाज का डोप टेस्ट 7 फरवरी, 2026 को श्रीलंका के कोलंबो में खेले गए आईसीसी पुरुष टी-20 विश्व कप मुकाबले के बाद किया गया था। यह मैच पाकिस्तान और नीदरलैंड के बीच खेला गया था। जांच में उनके नमूने में कार्बोक्सी-टीएचसी नामक प्रतिबंधित पदार्थ पाया गया, जिसे आईसीसी एंटी-डोपिंग संहिता के तहत 'सब्सटेंस ऑफ एब्यूज' की श्रेणी में रखा गया है।

नवाज ने स्वीकार किया उल्लंघन

मोहम्मद नवाज ने नियमों के उल्लंघन की बात स्वीकार करते हुए यह भी साबित किया कि उन्होंने इस पदार्थ का सेवन प्रतियोगिता के दौरान नहीं किया था और इसका खेल प्रदर्शन से कोई संबंध नहीं था। इसके बाद आईसीसी ने उन पर तीन महीने के प्रतिबंध का फैसला सुनाया। यह प्रतिबंध 1 मई 2026 से प्रभावी माना गया है, जिस दिन उन्होंने स्वेच्छा से अस्थायी निलंबन स्वीकार किया था।

उपचार कार्यक्रम पूरा करने पर घटेगा प्रतिबंध

आईसीसी ने बताया कि यदि नवाज निर्धारित नशीले पदार्थों के उपचार कार्यक्रम को सफलतापूर्वक पूरा कर लेते हैं, तो उनकी प्रतिबंध अवधि तीन महीने से घटाकर एक महीने कर दी जाएगी। चूंकि, नवाज पहले ही लगभग ढाई महीने का निलंबन झेल चुके हैं, इसलिए उपचार कार्यक्रम पूरा करने के बाद उन्हें अतिरिक्त प्रतिबंध नहीं भुगतना पड़ेगा और उनका अस्थायी निलंबन भी हटा दिया गया है।

मैच रिकॉर्ड भी किए गए अमान्य

आईसीसी एंटी-डोपिंग संहिता के प्रावधानों के अनुसार 7 फरवरी, 2026 को नीदरलैंड के खिलाफ खेले गए मुकाबले में मोहम्मद नवाज के प्रदर्शन के साथ-साथ उसके बाद 1 मई, 2026 तक खेले गए सभी मैचों में उनके व्यक्तिगत रिकॉर्ड अमान्य घोषित कर दिए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Tags