
नई दिल्ली, 17 जुलाई (हि.स.)। आईटी और बैंकिंग सेक्टर के शेयरों की जोरदार तेजी और चुनिंदा स्टॉक्स में हुई वैल्यू बाइंग की वजह से आज का दिन घरेलू शेयर बाजार के लिए शानदार शुक्रवार बन गया। खरीदारी के सपोर्ट से बाजार आज जबरदस्त मजबूती के साथ बंद होने में सफल रहा। आज के कारोबार की शुरुआत भी मजबूती के साथ हुई थी। हालांकि, बाजार खुलते ही बिकवाली का हल्का झटका भी लगा, लेकिन थोड़ी देर में ही खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में तेजी आ गई।
खरीदारी के सपोर्ट से सेंसेक्स आज इंट्रा-डे में 1,095 अंक से भी अधिक उछल गया। इसी तरह निफ्टी ने भी इंट्रा-डे में 294 अंक से अधिक की छलांग लगाई। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 1.25 प्रतिशत और निफ्टी 1.09 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुए। बाजार की मजबूती के कारण निवेशकों को आज लगभग 82 हजार करोड़ रुपये का फायदा हो गया।
बीएसई का सेंसेक्स आज 183.90 अंक यानी 0.24 प्रतिशत की मजबूती के साथ 77,370.77 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बिकवाली का झटका लगने के कारण पहले मिनट में ही यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से करीब 60 अंक फिसल कर 77,308 अंक के स्तर तक आ गया। इसके तुरंत बाद खरीदारों ने मोर्चा संभाल लिया और लिवाली शुरू कर दी।
खरीदारी के सपोर्ट से सेंसेक्स की चाल में तेजी आ गई। लगातार हो रही खरीदारी के कारण दोपहर 2:15 बजे के करीब यह सूचकांक 1,095.68 अंक यानी 1.42 प्रतिशत उछल कर 78,282.55 अंक के स्तर तक आ गया। हालांकि, अंत में हुई मामूली बिकवाली की वजह से सेंसेक्स दिन के ऊपरी स्तर से 130 अंक से अधिक फिसल कर 964.58 अंक की बढ़त के साथ 78,151.45 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 54.85 अंक यानी 0.23 प्रतिशत उछल कर 24,127.60 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही बिकवाली का दबाव बन जाने के कारण शुरुआती मिनट में ही यह सूचकांक फिसल कर 24,099.05 अंक के स्तर तक आ गया। हालांकि इस बिकवाली को काउंटर करने के लिए खरीदार भी एक्टिव हो गए और चौतरफा लिवाली शुरू कर दी।
लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से निफ्टी दोपहर दो बजे के थोड़ी देर बाद 294.55 अंक यानी 1.22 प्रतिशत की छलांग लगा कर 24,367.30 अंक तक पहुंच गया। अंत में इंट्रा-डे सेटलमेंट की वजह से हुई बिकवाली के कारण निफ्टी ऊपरी स्तर से 33 अंक लुढ़क कर 261.55 अंक की मजबूती के साथ 24,334.30 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
आज दिन भर के कारोबार के दौरान आईटी और बैंकिंग सेक्टर के शेयरों में लगातार खरीदारी होती रही। खरीदारी के सपोर्ट से निफ्टी का आईटी इंडेक्स 1.75 प्रतिशत उछल गया। इसी तरह निफ्टी का बैंक इंडेक्स 1.63 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद होने में सफल रहा। इसके अलावा ऑटोमोबाइल, एफएमसीजी, ऑयल एंड गैस तथा पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज इंडेक्स भी मजबूती के साथ हरे निशान में बंद हुए।
दूसरी ओर, कैपिटल गुड्स और हेल्थकेयर सेक्टर के शेयरों में आज बिकवाली का दबाव बना रहा। इसके साथ ही मेटल और कंज्यूमर ड्युरेबल्स इंडेक्स भी गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए। ब्रॉडर मार्केट में भी आज लगातार बिकवाली का दबाव बना रहा, जिसकी वजह से निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.41 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.21 प्रतिशत की गिरावट के साथ आज के कारोबार का अंत किया।
आज शेयर बाजार में आई मजबूती के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में 80 हजार करोड़ रुपये से अधिक की बढ़ोतरी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़ कर 480.92 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। पिछले कारोबारी दिन यानी गुरुवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 480.10 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 82 हजार करोड़ रुपये का मुनाफा हो गया।
आज दिन भर के कारोबार में बीएसई में 4,412 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 1,722 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 2,500 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 190 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 2,994 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,088 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,906 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 24 शेयर बढ़त के साथ और 6 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 37 शेयर हरे निशान में और 13 शेयर लाल निशान में बंद हुए।
आज दिन भर हुई खरीद बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से टेक महिंद्रा 4.14 प्रतिशत, कोटक महिंद्रा 3.39 प्रतिशत, जियो फाइनेंशियल 3.11 प्रतिशत, टीसीएस 3.09 प्रतिशत और रिलायंस इंडस्ट्रीज 2.36 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज 1.58 प्रतिशत, डॉ रेड्डीज लेबोरेट्रीज 1.08 प्रतिशत, विप्रो 0.98 प्रतिशत, सन फार्मास्यूटिकल्स 0.90 प्रतिशत और मैक्स हेल्थकेयर 0.76 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक