रविवार को होगी असम प्रीमियर लीग (एपीएल) के खिलाड़ियों की नीलामी

युगवार्ता    18-Jul-2026
Total Views |

- असम के क्रिकेटरों के लिए यादगार और महत्वपूर्ण दिन : एसीए अध्यक्ष तरंग गोगोई

गुवाहाटी, 18 जुलाई (हि.स.)। असम क्रिकेट संघ (एसीए) द्वारा पहली बार आयोजित की जा रही असम प्रीमियर लीग (एपीएल) के खिलाड़ियों की नीलामी रविवार को गुवाहाटी में आयोजित होगी। बरसापारा एसीए स्टेडियम परिसर स्थित '91 यार्ड्स क्लब' के सभागार में होने वाली इस नीलामी में आठ टीमें अपनी रणनीति के अनुसार खिलाड़ियों को खरीदकर अपनी-अपनी टीम का गठन करेंगी।

पहले एपीएल के लिए कुल 275 खिलाड़ियों की नीलामी होनी है। इसके लिए एसीए पहले ही 20 मार्की खिलाड़ियों की सूची जारी कर चुका है। बीसीसीआई के घरेलू क्रिकेट में प्रदर्शन के आधार पर डेनिश दास, शिवशंकर रॉय, सुमित कश्यप, स्वरूपम पुरकायस्थ, जितुमणि कलिता, मृण्मय दत्ता, मुक्तार हुसैन, अभिनव चौधरी, राहुल सिंह, सदाक हुसैन, भार्गव प्रतिम, साहिल जैन, प्रद्युन सैकिया, सौरभ मौसम दिहिंगिया, अब्दुल अजीज, आकाश सेनगुप्ता, आयुष्मान मलाकार, सुमित घाडीगांवकर, रोहित सेन और रुहिनंदन पेगू को इस सूची में शामिल किया गया है। रविवार की नीलामी में इन खिलाड़ियों के अलावा अन्य क्रिकेटरों पर भी सभी टीमों की नजर रहेगी।

एपीएल को लेकर बढ़ते उत्साह के बीच एसीए अध्यक्ष तरंग गोगोई ने कहा कि रविवार की खिलाड़ियों की नीलामी असम के क्रिकेटरों के लिए एक यादगार और महत्वपूर्ण दिन होगा। उन्होंने कहा कि राज्य के सभी जिलों के क्रिकेटर नीलामी का हिस्सा हैं और लंबे इंतजार के बाद उन्हें पता चलेगा कि वे आठ में से किस टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने कहा कि नई पहचान के साथ नई लीग में खेलने का अनुभव खिलाड़ियों के लिए विशेष होगा और अपनी प्रतिभा को व्यापक स्तर पर प्रदर्शित करने का यह सुनहरा अवसर है।

एक अगस्त से शुरू होने वाले एपीएल के उद्घाटन सत्र में जोरहाट स्टैलियंस, तेजपुर टाइटंस, डिब्रूगढ़ वॉरियर्स, बराक लीजेंड्स, नगांव रेंजर्स, बरपेटा ब्रेव्स, गुवाहाटी रॉयल्स और चराइदेव सनराइजर्स की टीमें हिस्सा लेंगी।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

Tags