केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने मप्र के चंदेरी में मां जागेश्वरी मंदिर में दर्शन कर किया पुनर्विकास कार्यों का निरीक्षण

युगवार्ता    18-Jul-2026
Total Views |
चंदेरी में मां जागेश्वरी मंदिर में पुनर्विकास कार्यों का निरीक्षण करते हुए सिंधिया


सिंधिया ने विद्युत उपकेन्द्र पाठखेडा एवं मढ़ी महिदपुर का किया लोकार्पण


ग्राम पारकना में विकास कार्यो के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में सिंधिया


अशोक नगर, 18 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले प्रवास के चौथे दिन शनिवार को चंदेरी स्थित ऐतिहासिक मां जागेश्वरी मंदिर में दर्शन-पूजन कर लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे मंदिर परिसर के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का विस्तृत निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने अधिकारियों के साथ निर्माण कार्यों की बारीकी से समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास कार्य आधुनिक सुविधाओं के साथ-साथ मंदिर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखते हुए किए जाएं। सिंधिया ने कहा कि इस काम्प्लेक्स का निर्माण उज्जैन के महाकाल लोक की तरह होगा और यहाँ वैसी ही सुविधाएं श्रद्धालुओं को मिलेंगी।

उल्लेखनीय है कि मां जागेश्वरी मंदिर परिसर, सागर ताल एवं ऐतिहासिक झरोखे का निर्माण वर्ष 1894 में सिंधिया राजवंश के शासनकाल में श्रीमंत महाराज माधवराव सिंधिया द्वारा कराया गया था।

केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि यह परिसर केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि चंदेरी की समृद्ध सांस्कृतिक एवं स्थापत्य विरासत का महत्वपूर्ण प्रतीक है, इसलिए इसके मूल स्वरूप को यथासंभव सुरक्षित रखा जाना चाहिए। उन्होंने निरीक्षण के दौरान प्रस्तावित सीसी रोड हटाकर प्राकृतिक पत्थर से मार्ग विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मंदिर परिसर के संरक्षण एवं पुनर्स्थापन का कार्य राज्य पुरातत्व विभाग की तकनीकी सलाह के अनुरूप करने को कहा।

झरोखे का निरीक्षण करते हुए उन्होंने स्वयं उसके विभिन्न हिस्सों का अवलोकन किया और निर्देश दिए कि उसका पुनर्निर्माण नहीं, बल्कि मूल स्वरूप का संरक्षण एवं रेस्टोरेशन किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पुराने पत्थरों को यथासंभव सुरक्षित रखा जाए तथा निर्माण में ईंट का उपयोग न किया जाए।

सिंधिया ने मंदिर के सामने बनने वाले प्लाजा के डिज़ाइन में भी आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूरे परिसर में बाहरी पत्थर के स्थान का उपयोग न करके बल्कि हमारे चंदेरी एवं ग्वालियर के स्थानीय पत्थरों का ही प्राथमिकता से किया जाए। परिसर की फ़र्श, रेलिंग एवं अन्य निर्माण सामग्री भी पारंपरिक पत्थरों से तैयार की जाए ताकि चंदेरी की स्थापत्य पहचान सुरक्षित रह सके।

सागर ताल का निरीक्षण करते हुए केंद्रीय मंत्री ने जलस्तर बढ़ाने के लिए आवश्यक खुदाई एवं संरक्षण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सागर ताल, मंदिर और ऐतिहासिक झरोखा मिलकर चंदेरी की विरासत का अभिन्न हिस्सा हैं और इनका संरक्षण सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

सिंधिया ने कहा कि मां जागेश्वरी मंदिर का पुनर्विकास केवल निर्माण परियोजना नहीं, बल्कि चंदेरी की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक सुरक्षित पहुंचाने का अभियान है। उन्होंने कहा कि प्रशासन और जनभागीदारी के समन्वय से इस पूरे परिसर को उसकी मूल गरिमा के अनुरूप विकसित किया जाएगा, जिससे यह प्रदेश के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित कर सके।

इस अवसर पर चंदेरी विधायक जगन्नाथ सिंह रघुवंशी, भाजपा जिला अध्यक्ष आलोक तिवारी,कलेक्टर साकेत मालवीय,पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा सहित जनप्रतिनिधिगण, अधिकारीगण उपस्थित रहे।

सिंधिया ने विद्युत उपकेन्द्र पाठखेडा और मढ़ी महिदपुर का किया लोकार्पण

केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शनिवार को चंदेरी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पाठखेडा में 2.38 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नवीन 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र तथा 01 करोड़ 96 लाख रुपये की लागत से निर्मित नवीन 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र का लोकार्पण किया गया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र चंदेरी के प्रत्येक घर तक विकास की रोशनी पहुँचे, इसी संकल्प के साथ आज ग्राम पाठखेडा एवं मढ़ी महिदपुर में विद्युत उपकेन्द्रों को लोकार्पण कर क्षेत्रवासियों सौगात प्रदान की गई है। उपकेन्द्र पाठखेड़ा सहित क्षेत्र के 7 गाँवों के लगभग 11,000 नागरिकों को निर्बाध, गुणवत्तापूर्ण और बेहतर वोल्टेज के साथ बिजली मिलेगी और रबी सीजन में किसानों को होने वाली कम वोल्टेज और बार-बार बिजली बाधित होने की समस्या से भी निजात मिलेगी। उपकेन्द्र महिदपुर सहित 5 गाँवों के लगभग 4000 नागरिकों को निर्बाध, गुणवत्तापूर्ण और स्थिर विद्युत आपूर्ति मिलेगी। वर्षों से कम वोल्टेज और बिजली बाधित होने की समस्या से जूझ रहे किसानों, परिवारों और स्थानीय नागरिकों को इससे बड़ी राहत मिलेगी।

सिंधिया ने ग्राम पारकना में विकास कार्यों का किया लोकार्पण और शिलान्यास

केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने शनिवार को विकासखण्ड मुंगावली के ग्राम परकाना में लगभग 51 करोड़ की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में परकाना की कनेक्टिविटी को सशक्त बनाने वाली 9 महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाएँ भी शामिल हैं। यह विकास केवल निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक परिवार के जीवन में सुविधा, सुरक्षा और समृद्धि सुनिश्चित करने का संकल्प है। हमारे मुंगावली का प्रत्येक गाँव विकास की नई ऊँचाइयों को छुए और जनता के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आए, इसी उद्देश्य के साथ हम निरंतर कार्य कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Tags