अमेरिका-ईरान तनाव पर पाकिस्तान और कुवैत ने की संयम बरतने की अपील

युगवार्ता    18-Jul-2026
Total Views |

इस्लामाबाद, 18 जुलाई (हि.स.)। होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास एक बार फिर बढ़ते सैन्य तनाव के बीच पाकिस्तान और कुवैत ने अमेरिका और ईरान से पिछले महीने हुए इस्लामाबाद समझौता ज्ञापन (एमओयू) का सम्मान करने तथा क्षेत्र में तनाव बढ़ाने वाले कदमों से बचने की अपील की है।

यह अपील शनिवार को पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार और कुवैत के विदेश मंत्री शेख जर्राह जाबेर अल-अहमद अल-सबाह के बीच हुई टेलीफोन वार्ता के दौरान की गई। दोनों नेताओं ने खाड़ी क्षेत्र की मौजूदा सुरक्षा स्थिति और बढ़ते तनाव पर विस्तार से चर्चा की।

वार्ता के दौरान कुवैत के विदेश मंत्री ने अपने देश पर लगातार हो रहे हमलों पर गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए सभी पक्षों को अधिकतम संयम बरतना चाहिए तथा इस्लामाबाद समझौता ज्ञापन को पूरी तरह लागू करना चाहिए।

दोनों नेताओं ने इस बात पर भी जोर दिया कि किसी भी प्रकार की सैन्य कार्रवाई या उकसावे वाले कदम पूरे क्षेत्र की सुरक्षा और वैश्विक व्यापार के लिए गंभीर चुनौती बन सकते हैं। उन्होंने विवादों के समाधान के लिए संवाद और कूटनीतिक प्रयासों को प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर बल दिया।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags