सोनम वांगचुक में पानी की कमी और सीरम पोटैशियम का स्तर कम हुआ- मेडिकल बुलेटिन

युगवार्ता    18-Jul-2026
Total Views |
सोनम वांगचुक


नई दिल्ली, 18 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल के चिकित्सा अध्यक्ष ने शनिवार को पर्यावरणविद् सोनम वांगचुक के स्वास्थ्य रिपोर्ट के बारे में बताते हुए कहा कि 20 दिन से उपवास रहने के कारण उनमें पानी की कमी के लक्षण दिखे और उनका सीरम पोटैशियम का स्तर कम पाया गया।

चिकित्सा अध्यक्ष ने बताया कि दिल्ली पुलिस आज सुबह उन्हें करीब 7:40 बजे वीएमएमसी और सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया क्योंकि उन्होंने 20 दिन से कुछ खाया नहीं था इसलिए उनमें कमजोरी के लक्षण दिखाई दिए। भर्ती होने के समय, वे होश में थे और उनकी पल्स, ब्लड प्रेशर और ‘ऑक्सीजन सैचुरेशन’ स्थिर थे। उनमें पानी की कमी के लक्षण दिखे।

उन्होंने बताया कि ब्लड गैस एनालिसिस से पता चला कि उन्हें 'कम्पन्सेटेड एसिडोसिस' है, ‘सीरम पोटैशियम’ का स्तर कम है और ब्लड शुगर 78 ‘एमजी/डीएल’ है। दोबारा जांच में भी सीरम पोटैशियम का स्तर वैसा ही पाया गया। भर्ती होने के समय ‘यूरिनरी कीटोन 1+’ थे, जो दोपहर 1:00 बजे तक बढ़कर 3+ हो गए।

स्वास्थ्य बुलेटिन में कहा गया है कि सोनम को ‘इंट्रावेनस (चतुर्थ) फ्लूइड’ देने की सलाह दी गई थी, लेकिन उन्होंनेे किसी भी तरह के इंट्रावेनस फ्लूइड, ओरल ‘रिहाइड्रेशन फ्लूइड’ या कोई अन्य दवा लेने से इनकार कर दिया है। उनकी सेहत के लिए सबसे बेहतर इलाज के मकसद से लगातार उनकी निगरानी और काउंसलिंग की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर पिछले 20 दिनों से अनशन पर बैठे सोनम वांगचुक को आज सुबह सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया। इसके अलावा पुलिस ने कॉकरोच जनता पार्टी (सीजीपी) के सोशल मीडिया अभियान और प्रदर्शन से जुड़े मामलों में भी कार्रवाई की है।

परीक्षा पत्रों के लीक होने की घटनाओं को लेकर शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर सीजेपी के नेतृत्व में जंतर-मंतर पर धरना-प्रदर्शन जारी है। सीजेपी ने 20 जुलाई को संसद तक मार्च निकालने की घोषणा की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Tags