नौ मौतों के बाद प्रशासन सख्त: अवैध पटाखा फैक्ट्री ढहाई, एसआईटी करेगी जांच

युगवार्ता    19-Jul-2026
Total Views |
अहमदाबाद वस्त्राल के पताका फैक्टरी ब्लास्ट की फ़ोटो


अहमदाबाद, 19 जुलाई (हि.स.)। अहमदाबाद के वस्त्राल इलाके के रामोल थाना क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट में 9 लोगों की मौत के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। हादसे के 24 घंटे के भीतर ही अवैध फैक्ट्री पर बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया गया। इसके अलावा आसपास बिना लाइसेंस संचालित दो अन्य पटाखा फैक्ट्रियों को भी सील कर दिया गया है।

इस हादसे की जांच के लिए अहमदाबाद पुलिस आयुक्त अनुपम सिंह गहलोत ने स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) का गठन किया है। हालांकि, इस टीम में केवल पुलिस अधिकारियों को ही शामिल किया गया है। फायर विभाग, अहमदाबाद नगर निगम (एएमसी), एस्टेट विभाग, जिला प्रशासन और बिजली विभाग के किसी भी अधिकारी को जांच दल का सदस्य नहीं बनाया गया है, जिससे कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

वस्त्राल गांव की सीमा में टीन शेड बनाकर अवैध रूप से पटाखों का निर्माण किया जा रहा था। विस्फोट के बाद प्रशासन ने जेसीबी की मदद से पूरे परिसर को ध्वस्त कर दिया और सभी अस्थायी शेडों को हटवा दिया।

एसआईटी में शामिल अधिकारी

मयूर पाटिल – पुलिस उपायुक्त (डीसीपी), जोन-8

वाई. ए. गोहिल – सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी), एस डिवीजन

वी. डी. मोरी – पुलिस निरीक्षक (पीआई), रामोल पुलिस स्टेशन

गौरतलब है कि जिस रामोल थाना क्षेत्र में पिछले 20–25 दिनों से अवैध फैक्ट्री संचालित हो रही थी, उसी क्षेत्र के पीआई, एसीपी और डीसीपी को जांच की जिम्मेदारी सौंपे जाने पर भी सवाल उठ रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि इस मामले में फायर विभाग, नगर निगम, जिला प्रशासन और बिजली विभाग की भूमिका की भी जांच आवश्यक है, लेकिन फिलहाल इन विभागों के अधिकारियों को केवल समन्वय करने के निर्देश दिए गए हैं, उन्हें एसआईटी का हिस्सा नहीं बनाया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

Tags