पुलिस पर हमला कर भागने की कोशिश में हिस्ट्रीशीटर करुप्पु के पैर में लगी गोली, गिरफ्तार

युगवार्ता    19-Jul-2026
Total Views |
चेन्नई में बदमाश को पुलिस ने गोली मारकर किया गिरफ्तार


चेन्नई, 19 जुलाई (हि.स.)। चेन्नई पुलिस ने 19 आपराधिक मामलों में वांछित 'ए' श्रेणी के हिस्ट्रीशीटर करुप्पु उर्फ तमिल अलगु को पुलिस पर हमला कर फरार होने की कोशिश के दौरान पैर में गोली मारकर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से देसी बम बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी बरामद की गई है। घटना के दौरान एक मुख्य आरक्षक भी घायल हो गया, जिसका उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

पुलिस के अनुसार, चेन्नई के कुंद्रथुर के निकट तिरुमुडिवाक्कम क्षेत्र निवासी करुप्पु उर्फ तमिल अलगु लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय है। उसके खिलाफ दो हत्या के मामलों सहित कुल 19 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह पुलिस की 'ए' श्रेणी के हिस्ट्रीशीटरों की सूची में शामिल है। करुप्पु पर रंगदारी मांगने, लोगों को धमकाने, अवैध कट्टा पंचायत चलाने, जान से मारने की धमकी देने और अन्य गंभीर अपराधों में संलिप्त रहने के आरोप हैं।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुंद्रथुर क्षेत्र में एक निजी कॉलेज के पीछे स्थित खाली मैदान में करुप्पु गांजा बेच रहा है। सूचना के आधार पर तिरुमुडिवाक्कम पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर आरोपित को पकड़ने का प्रयास किया।

छापेमारी के दौरान पुलिस को पता चला कि करुप्पु अपने साथी ओटेरी निवासी आकाश उर्फ सूर्या के साथ मिलकर देसी बम तैयार कर रहा था। पुलिस टीम को देखते ही करुप्पु ने कथित तौर पर तैयार किए गए देसी बम पुलिसकर्मियों की ओर फेंकने का प्रयास किया और मौके से भागने की कोशिश की।

इसी दौरान जब पुलिस ने उसे घेर लिया तो आरोपित ने मुख्य आरक्षक विजयकुमार पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में मुख्य आरक्षक के दाहिने हाथ की कोहनी पर चोट लगी। पुलिस के अनुसार, स्थिति को नियंत्रित करने और आरोपित को भागने से रोकने के लिए मौके पर मौजूद पुलिस निरीक्षक ने आत्मरक्षा और आवश्यक बल प्रयोग करते हुए करुप्पु के दाहिने टखने पर गोली चला दी। गोली लगते ही आरोपित जमीन पर गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

घायल करुप्पु को तत्काल तांबरम सरकारी अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए चेन्नई के राजीव गांधी सरकारी अस्पताल के आपातकालीन विभाग में रेफर किया गया, जहां उसका उपचार जारी है। वहीं घायल मुख्य आरक्षक विजयकुमार का भी अस्पताल में उपचार किया गया और उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।

पुलिस ने घटनास्थल से देसी बम बनाने की सामग्री जब्त कर ली है और आरोपित के साथी आकाश उर्फ सूर्या की भूमिका की भी जांच की जा रही है। मामले में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV

Tags