निहारिका कोनिडेला की पहली फिल्म ने जीता राष्ट्रीय सम्मान

युगवार्ता    19-Jul-2026
Total Views |
निहारिका कोनिडेला - फोटो सोर्स एक्स


अभिनेत्री और निर्माता निहारिका कोनिडेला ने अपने फिल्मी सफर में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए अपनी पहली प्रोडक्शन फिल्म 'कमेटी कुर्रोल्लु' के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीता है। पिंक एलिफेंट पिक्चर्स और श्री राधा दामोदर स्टूडियोज के बैनर तले बनी इस फिल्म को 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में सर्वश्रेष्ठ तेलुगु फीचर फिल्म का सम्मान मिला है। इसके साथ ही निहारिका देश की सबसे कम उम्र की महिला निर्माताओं में शामिल हो गई हैं, जिनकी पहली ही प्रोडक्शन फिल्म को राष्ट्रीय पुरस्कार मिला है।

यदु वामसी के निर्देशन में बनी 'कमेटी कुर्रोल्लु' एक ग्रामीण परिवेश पर आधारित कमिंग-ऑफ-एज ड्रामा है, जिसे दर्शकों और समीक्षकों दोनों ने सराहा। फिल्म अपनी सशक्त कहानी, दमदार अभिनय और ग्रामीण जीवन के वास्तविक चित्रण के लिए पहले ही कई पुरस्कार जीत चुकी है। राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार ने इस सफलता में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जोड़ दी है। इसके अलावा फिल्म के मेकअप आर्टिस्ट पी. रवि कुमार को सर्वश्रेष्ठ मेकअप का राष्ट्रीय पुरस्कार भी मिला है।

इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए निहारिका कोनिडेला ने कहा कि पहला राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीतना उनके लिए बेहद भावुक और गर्व का पल है। उन्होंने कहा, जब हमने 'कमेटी कुर्रोल्लु' की शुरुआत की थी, तब हमारा उद्देश्य सिर्फ अपनी जड़ों से जुड़ी एक सच्ची कहानी कहना था। यह सम्मान पूरी टीम और उन सभी लोगों का है, जिन्होंने इस फिल्म पर भरोसा किया। यह पुरस्कार मुझे आगे भी सार्थक कहानियों और नए कलाकारों का समर्थन करने के लिए प्रेरित करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Tags